दिल्ली में IMD का यलो अलर्ट: 4 दिन बारिश, चिपचिपी गर्मी से मिलेगी राहत?
IMD ने आज दिल्ली के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि अगले 4 दिनों तक दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश होगी और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इससे काफी दिनों से चली आ रही चिपचिपी गर्मी से दिल्ली वालों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
दिल्ली में दिन का तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस
बारिश का अनुमान होने के बावजूद, दिल्ली में गर्मी का असर बना रहेगा। दिन का तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में पारा 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जुलाई के महीने के लिए यह सामान्य से अधिक तापमान है।
आज सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में नमी 80 प्रतिशत तक दर्ज की गई। पिछले महीने सिर्फ 41.8 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जिससे बारिश की भारी कमी बनी हुई है। हालांकि, अभी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में है, इसलिए स्वास्थ्य संबंधी कोई बड़ी परेशानी नहीं है।