Page Loader
लखनऊ हवाई अड्डे पर अधिकारियों की गिरफ्त से 36 सोना तस्कर फरार 
लखनऊ हवाई अड्डे पर सोने के 36 तस्कर फरार (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्सल)

लखनऊ हवाई अड्डे पर अधिकारियों की गिरफ्त से 36 सोना तस्कर फरार 

लेखन गजेंद्र
Apr 03, 2024
03:28 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़े गए सोने के 36 तस्कर फरार हो गए। ETV भारत के मुताबिक, डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने लखनऊ हवाई अड्डे के कस्टम अधिकारियों को सोमवार को जानकारी दी थी कि शारजहां की फ्लाइट से कुछ लोग सोने और सिगरेट की तस्करी कर आ रहे हैं। सूचना के बाद अधिकारियों ने 36 लोगों को रोका था।

जांच

साढ़े 3 करोड़ रुपये की अवैध सिगरेट और पेट में मिला सोना

रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार सुबह 7:10 बजे फ्लाइट से उतरने पर 36 लोगों को हिरासत में लेकर जांच की गई। उनके पास से साढ़े 3 करोड़ रुपये की अवैध सिगरेट और 25 लाख रुपये नकद बरामद किया गया। 6 लोगों की पेट की जांच कराने पर 2 किलो सोना होने की जानकारी मिली, जिसे वे तस्करी कर साथ लाए थे। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक है। सभी से पिछले 2 दिन से पूछताछ हो रही थी।

फरार

कैसे फरार हुए तस्कर?

रिपोर्ट के मुताबिक, 6 लोगों के पेट में सोना होने की जानकारी मिलने पर कस्टम के अधिकारी 30 अन्य लोगों को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों की सुरक्षा में जांच को ले जा रहे थे। तभी एक तस्कर ने तबीयत खराब होने की बात कही और अधिकारियों और जवानों को चकमा देकर सभी वहां से फरार हो गए। फरार तस्कर रामपुर टांडा के रहने वाले हैं। मंगलवार को मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है।