बेंगलुरु में गड्ढे ने ली जान, मंत्री बोले- 2 गड्ढों से पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर खराब नहीं; लोग भड़के
बेंगलुरु के हेब्बगोडी इलाके में एक दुखद सड़क हादसे में केरलम की रहने वाली 32 साल की मेधा नाम की महिला की जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार, मेधा एक बाइक पर पीछे बैठी थीं। तभी एक कार ने सड़क पर गड्ढे से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिया।
कार के अचानक ब्रेक लगाने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मेधा उससे नीचे गिर गईं। इसके ठीक बाद पीछे से आ रहे एक मालवाहक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
गड्ढों से नाराज स्थानीय लोगों का प्रदर्शन
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला और उन्होंने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि सड़क पर मौजूद खतरनाक गड्ढों की वजह से ही मेधा को अपनी जान गंवानी पड़ी। प्रदर्शनकारी ने इलेक्ट्रॉनिक सिटी और अनंतनगर जैसे इलाकों में सड़कों को जाम कर दिया।
वे प्रशासन से तुरंत सड़कों की मरम्मत कराने की मांग कर रहे थे। इस बीच कर्नाटक के मंत्री संतोष लाड ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मेधा के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं जताईं। हालांकि, उन्होंने साथ ही यह भी कहा, "सिर्फ एक या 2 गड्ढों से यह नहीं कहा जा सकता कि पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर ही खराब है।" मंत्री ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सड़क रखरखाव के काम को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही स्थिति में सुधार किया जाएगा।