महाराष्ट्र TET लीक: 3 और दबोचे गए, SIT ने किया देशव्यापी रैकेट का पर्दाफाश
महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 पेपर लीक मामले में 3 और गिरफ्तारियां हुई हैं। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 7 हो गई है। 28 जून को होने वाली यह परीक्षा पेपर लीक होने के कारण पहले ही रद्द कर दी गई थी। पुलिस तेजी से मामले की जांच कर रही है और इसमें शामिल सभी आरोपियों को पकड़ने की पूरी कोशिश में जुटी है।
SIT की जांच में खुलासा, कई राज्यों का रैकेट
जांच से पता चला है कि यह मामला सिर्फ महाराष्ट्र तक ही सीमित नहीं है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने बताया कि यह पेपर लीक दिल्ली, आगरा, बिहार और हरियाणा जैसे कई राज्यों तक फैले एक बड़े रैकेट का हिस्सा है। परीक्षा टलने से लगभग 6 लाख उम्मीदवारों पर सीधा असर पड़ा है। पुलिस अब भी मामले के कथित मास्टरमाइंड विजयेंद्र गुप्ता और उसके साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि वे उन सभी छात्रों को न्याय दिलाने की कोशिश कर रहे हैं जो इस धांधली का शिकार हुए हैं।