झारखंड: धनबाद में गैस लीक होने से 3 लोगों की मौत, 10 से ज्यादा घायल
क्या है खबर?
झारखंड के धनबाद जिले में गैस लीक होने से हुए हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि गैस कटर का सिलेंडर फटने से ये हादसा हुआ है। वहीं, सिलेंडर फटने के बाद इलाके में गैस फैल गई, जिसके चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। 4 लोगों को सांस संबंधी समस्याओं के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना
कबाड़ चोरी के दौरान दुर्घटना होने की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि यह घटना कबाड़ चोरी के दौरान हुई। मुनीडीह थाना प्रभारी मणिका तिवारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ लोग लोहे का कबाड़ चोरी करने के लिए पहुंचे थे। पुलिस को शक है कि उन्होंने एक भरे हुए गैस सिलेंडर को काट दिया, जिससे गैस लीक होने लगी। गैस की गंध इतनी तेज थी कि मौके पर मौजूद लोग बेहोश हो गए।
बयान
2 की घटनास्थल पर, एक की इलाज के दौरान मौत
धनबाद के SSP प्रभात कुमार ने बताया कि इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, घायलों का शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल के अधीक्षक दिनेश कुमार गिंदोरिया ने बताया कि 5 लोगों को अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि दो लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।