Page Loader
पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगदड़; 3 श्रद्धालुओं की मौत, 50 से अधिक घायल
पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगदड़ में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई

पुरी में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान भगदड़; 3 श्रद्धालुओं की मौत, 50 से अधिक घायल

Jun 29, 2025
09:42 am

क्या है खबर?

ओडिशा के पुरी में निकाली जा रही भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ मचने से कम से कम 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 50 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने जैसे-तैसे भीड़ को नियंत्रित कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद यात्रा को कुछ देर के लिए रोक दिया गया था। हालांकि, अब मौके पर हालात सामान्य नजर आ रहे हैं।

घटना

रथ यात्रा में कैसे मची भगदड़?

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान खोरदा जिले के बोलागढ़ निवासी बसंती साहू, प्रेमकांत मोहंती और बलियंटा ब्लॉक के अथंतारा गांव निवासी प्रभाती दास के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तड़के 4 से 5 बजे के बीच भगवान जगन्नाथ का रथ गुंडिचा मंदिर पहुंचा था। इस दौरान भगवान जगन्नाथ की झलक पाने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इससे भीड़ नियंत्रण के लिए लगाए गए बैरियर गिर गए और फिर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

मौत

कैसे हुई श्रद्धालुओं की मौत?

पुलिस ने बताया कि भीड़ का दबाव बढ़ने के बाद भगदड़ जैसे हालत हो गए थे। ऐसे में आगे की और मौजूद श्रद्धालु जमीन पर गिर गए और अन्य लोगों के पैरों के नीचे आ गए। इससे चोट लगने और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घायलों में से 6 की हालत गंभीर है। जिला कलक्टर ने घटना की जांच के आदेश दिए है। इसके अलावा मौके पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।

भीड़

रथ यात्रा में जुटे 10 लाख से अधिक लोग

जिला प्रशासन के अनुसार, रथ यात्रा में दो दिनों में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु जुटे हैं। शुक्रवार को ही भीड़ का दबाव बढ़ गया था। भीड़ से अब तक 625 लोग बीमार पड़ गए हैं। इनमें से कम से कम 70 श्रद्धालुओं को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि भगदड़ में घायल हुए श्रद्धालुओं का अस्पताल में उपचार जारी है और मौके पर हालत सामान्य हैं।

यात्रज्ञ

हर साल जून-जुलाई में आयोजित होती है रथ यात्रा

बता दें कि पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध वार्षिक रथ यात्रा हर साल जून-जुलाई के महीने में आयोजित की जाती है। इस उत्सव के दौरान भगवान जगन्नाथ और उनके बड़े भाई बलभद्र और छोटी बहन देवी सुभद्रा विग्रह रथों में सवार होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देते हैं। यह भव्य यात्रा पुरी के जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर गुंडिचा मंदिर जगन्नाथ प्रभु की मौसी के घर तक जाती है। इस यात्रा में लाखों श्रद्धालु जुटते हैं।