LOADING...
पहलगाम आतंकी हमला: सरकार के वीजा रद्द करने के बाद वापस लौटे 28 पाकिस्तानी नागरिक
वीजा रद्द होने के बाद पाकिस्तान वापस लौटे 28 नागरिक

पहलगाम आतंकी हमला: सरकार के वीजा रद्द करने के बाद वापस लौटे 28 पाकिस्तानी नागरिक

Apr 24, 2025
10:07 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में हुई 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई ठोस कदम उठाए हैं। इनमें पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द करना भी शामिल है। सरकार ने सामान्य वीजा वाले पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल और मेडिकल वीजा वालों को 29 अप्रैल तक वापस लौटने को कहा है। इसके बाद गुरवार शाम को 28 पाकिस्तानी नागरिक अटारी स्थित वाघा बॉर्डर से पाकिस्तान लौट गए।

पुष्टि

पंजाब पुलिस प्रोटोकॉल अधिकारी ने की पुष्टि

अटारी एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) को बंद करने के सरकार के फैसले के बाद पंजाब पुलिस के प्रोटोकॉल अधिकारी अरुण महल ने बताया कि प्रतीकात्मक सीमा द्वार बंद रहे, लेकिन दोनों देशों ने अपने-अपने समारोह स्वतंत्र रूप से आयोजित किए। महल ने ANI से कहा कि सरकार के आदेश के बाद 28 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा गया, जबकि 105 भारतीय नागरिक भी स्वदेश लौट आए हैं। घटना के बाद पर्यटकों की संख्या पर भी असर पड़ा है।

अधिसूचना

विदेश मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना

विदेश मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के अनुसार भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल प्रभाव से वीजा सेवाएं निलंबित करने का निर्णय लिया है। पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द हो जाएंगे और मेडिकल वीजा 29 अप्रैल तक वैध होंगे। ऐसे में भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वीजा अवधि समाप्त होने से पहले भारत छोड़ देना चाहिए।

Advertisement

जानकारी

पाकिस्तान में मौजूद भारतीयों को दी वापस लौटने की सलाह

पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी वीजा रद्द करने के साथ ही भारत सरकार ने अपने नागरिकों से पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने को कहा है और जो लोग पहले से ही पाकिस्तान में हैं, उन्हें जल्द से जल्द भारत लौटने की सलाह दी है।

Advertisement

कदम

भारत ने उठाए हैं कई सख्त कदम

पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा कैबिनेट की एक विशेष बैठक में वीजा रद्द करने के साथ ही सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय किया गया है। इसके साथ ही नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के रक्षा सलाहकारों को अवांछित घोषित कर उन्हें देश छोड़ने का आदेश देने और इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में अपने कर्मचारियों की संख्या 55 से घटाकर 30 करने का निर्णय लिया है।

सूचना

एयर इंडिया ने दी वैकल्पिक विस्तारित मार्गों की जानकारी

सभी भारतीय एयरलाइनों के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध की घोषणा के बाद एयर इंडिया ने अपने वैकल्पिक विस्तारित मार्गों की जानकारी दी है। एयरलाइंस ने कहा, "उत्तरी अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम (UK), यूरोप और मध्य पूर्व के लिए या वहां से आने वाली एयर इंडिया की कुछ उड़ानें वैकल्पिक विस्तारित मार्ग से चलेंगी। हम यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं। प्रभावित उड़ानों की जानकारी के लिए 011 69329333, 011 69329999 पर संपर्क करें।"

Advertisement