देश में कुदरत का तांडव: 4 राज्यों में 28 लोगों की मौत, उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा नुकसान
पिछले 2 दिनों में आए गंभीर तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं ने उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और मध्य प्रदेश समेत 4 भारतीय राज्यों में कम से कम 28 लोगों की जान ले ली है। इन हादसों में ज्यादातर मौतें भारी बारिश के दौरान इमारतों के गिरने और बिजली गिरने से हुईं। मृतकों के परिवारों को सरकार की तरफ से आर्थिक मदद का ऐलान भी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में 11 मौतें
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 लोगों की जान चली गई है। इनमें से 6 लोगों की जान एक पुल गिरने से गई, जबकि 3 की मौत उनके घर पर पेड़ गिरने के कारण हुई। जालौन जिले में 2 अन्य लोगों ने जान गंवाई और दर्जनों घर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
पश्चिम बंगाल और बिहार में भी 7-7 लोगों की मौत हुई, जिनमें से ज्यादातर मौतें बिजली गिरने से हुईं। मध्य प्रदेश में 3 लोगों की जान गई, इनमें एक मौत छत गिरने से हुई और 2 बिजली गिरने के कारण अपनी जान गंवा बैठे। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार की सरकारों ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।