Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले 23,285 संक्रमित, सक्रिय मामलों में 8,011 का इजाफा

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन मिले 23,285 संक्रमित, सक्रिय मामलों में 8,011 का इजाफा

Mar 12, 2021
09:42 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 23,285 नए मामले सामने आए और 117 मरीजों की मौत हुई है। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,13,08,846 हो गई है। इनमें से 1,58,306 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या एक बार फिर से बढ़कर 1,97,237 हो गई है। बीते दिन सक्रिय मामलों में 8,011 की वृद्धि हुई।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 15,157 मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 15,157 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,09,53,303 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 96.86 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,40,345 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 22.50 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 22,66,374 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 52,667 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 10,86,012 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,355 मौतें हुई हैं। इसी तरह 9,57,584 मामलों और 12,381 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,91,178 मामलों और 7,179 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 14,317 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 57 मरीजों की मौत हुई। यह 8 अक्टूबर के बाद राज्य में सामने आए सबसे अधिक नए मामले हैं। इसी तरह केरल में बीते दिन 2,133 लोगों को संक्रमित पाया गया और 13 मरीजों की मौत हुई। आंध्र प्रदेश में 174 नए मामले सामने आए और दो मौतें हुईं, वहीं कर्नाटक में 783 मामले सामने आए और दो लोगों की मौत हुई।

डाटा

क्या है वैक्सीनेशन अभियान की स्थिति?

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 2,61,64,920 खुराकें दी जा चुकी हैं। बीते दिन 4,80,740 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। आगामी दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 11.85 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 11.85 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 26.29 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.92 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.31 लाख लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में केवल अमेरिका भारत से आगे है। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 1.13 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 2.73 लाख से अधिक मरीजों की मौत हुई है।