फरीदाबाद में आया 2.9 तीव्रता का भूकंप, तेज धमाके की आवाज से सहमे लोग
क्या है खबर?
दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्र में गुरुवार (5 नवंबर) की शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.9 मापी गई है। हालांकि तीव्रता कम होने के कारण किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन झटकों के साथ आई एक तेज धमाके जैसी आवाज ने स्थानीय निवासियों को डरा दिया। इसके बाद बाद लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
केंद्र
जमीन में 5 किलोमीटर गहराई में था भूकंप का केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप के ये झटके शाम को लगभग 6:33 बजे महसूस किए गए। इस भूकंप का उपकेंद्र हरियाणा का फरीदाबाद था।
वैज्ञानिकों के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। कम गहराई पर होने के कारण ही लोगों को इसके झटके काफी साफ महसूस हुए। हालांकि, इससे किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं आई है।
धमाका
रहस्यमयी धमाके की आवाज से सहमे लोग
फरीदाबाद के सेक्टर-21, सेक्टर-37, और NIT इलाकों के निवासियों ने बताया कि झटके महसूस होने से ठीक पहले एक बहुत तेज धमाके की आवाज सुनाई दी थी।
भू-वैज्ञानिकों के अनुसार, जब भूकंप का केंद्र जमीन की सतह के बहुत करीब होता है, तो टेक्टोनिक प्लेटों के टूटने या खिसकने की आवाज सीधे हवा में 'सोनिक बूम' या गड़गड़ाहट के रूप में सुनाई देती है। इसे 'अर्थक्वेक बूम' कहा जाता है।
संवेदनशील
दिल्ली-NCR क्यों है भूकंप के प्रति संवेदनशील?
भू-वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिल्ली और NCR का पूरा इलाका सिस्मिक जोन-4 में आता है, जिसे भूकंप के लिहाज से 'उच्च-जोखिम क्षेत्र' माना जाता है।
इस क्षेत्र के नीचे सोहना फॉल्ट, दिल्ली-सरगोधा रिज और महेंद्रगढ़-देहरादून फॉल्ट लाइन्स गुजरती हैं।
इन लाइनों में होने वाली मामूली हलचल भी अक्सर दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम और नोएडा को हिला देती है। ताजा भूकंप के कारण बहुमंजिला इमारतों के लोगों में डर फैल गया।