नागालैंड में जहरीली शराब का कहर, 19 लोगों की मौत
क्या है खबर?
नागालैंड में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि पिछले 2 दिनों में मोकोकचुंग जिले में 8 और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो ने कहा कि मौतों की जांच करने और मिलावटी शराब के स्रोत का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
बयान
पुलिस ने 3,000 बोतल शराब जब्त की
पुलिस ने बताया कि मौत के कारण का पता लगाने के लिए फोरेंसिक जांच के लिए नमूने गुवाहाटी भेजे गए हैं।
वेसुप्रा केजो ने कहा, "हमें कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन विवरण का खुलासा करना जल्दबाजी होगी।"
वहीं, मौतों के बाद पुलिस ने कई जगह पर छापे मारे और 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान करीब 3,000 बोतल शराब भी जब्त की गई।
बता दें कि नागालैंड में शराबबंदी लागू है।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में मारे गए थे 20 लोग
इसी महीने मध्य प्रदेश के सागर में भी जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत हो गई थी। जहरीली शराब से मृतकों के शव नीले पड़ गए थे।
पुलिस ने इस मामले के मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
वहीं, कुछ आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई भी हुई थी। इस मामले में खूब राजनीति भी हुई थी।