Page Loader
श्रीलंकाई समुद्री डाकुओं के हमले में तमिलनाडु के 17 मछुआरे घायल, लाखों रुपये के उपकरण लूटे
तमिलनाडु के मछुआरों पर श्रीलंकाई समुद्री डाकुओं ने किया हमला (तस्वीर: प्रतीकात्मक)

श्रीलंकाई समुद्री डाकुओं के हमले में तमिलनाडु के 17 मछुआरे घायल, लाखों रुपये के उपकरण लूटे

May 03, 2025
05:47 pm

क्या है खबर?

तमिलनाडु के नागापट्टिनम जिले के 30 से अधिक मछुआरों पर शुक्रवार को कोरोमंडल तट पर मछली पकड़ते समय श्रीलंका के समुद्री डाकुओं के एक समूह ने हमला कर दिया। इसमें 17 मछुआरे घायल हो गए। इस दौरान हमलावर उनके मछली पकड़ने के उपकरण भी लूट ले गए। इसके बाद मछुआरे घायल हालत में ही अपनी बोट पर सवार होकर तट पर पहुंचे। उसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर ही है।

हमला

कैसे घटी यह घटना?

पुलिस को दिए बयान में मछुआरों ने बताया कि वह फाइबर बोट से समुद्र में कोडियाक्करई के दक्षिण-पूर्व में मछलियां पकड़ने गए थे। उसी दौरान स्पीड बोट में सवार होकर आए 6 समुद्री डाकुओं ने धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। मछुआरों ने बताया कि हमलावर अन्य नावों को निशाना बनाने से पहले उनके GPS उपकरण और मछली पकड़ने के जाल भी लूट ले गए। चोरी की गई वस्तुओं की कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है।

मांग

मछुआरों ने सरकार से की हस्तक्षेप की मांग

सेरुधुर के एक मछुआरे गजेंद्रन ने कहा, "श्रीलंकाई समुद्री डाकुओं ने हम पर हमला किया और कई मछुआरे अब अस्पताल में भर्ती हैं। हम राज्य और केंद्र सरकार दोनों से हस्तक्षेप करने का आग्रह करते हैं। हम फिलहाल हड़ताल पर हैं और अगर इस तरह के हमले जारी रहे तो हम अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे।" बता दें कि पिछले वर्ष दिसंबर में भी श्रीलंकाई समुद्री डाकुओं के तमिलनाडु के मछुआरों पर हमला कर उनके उपकरण लूट लिए थे।