केरलम में बाढ़ से अब तक 15 लोगों की मौत्, सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
केरलम राज्य इस वक्त भारी बारिश के कारण आई भयंकर बाढ़ का सामना कर रहा है। कुछ जगहों पर तो 350 मिलीमीटर से भी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इस भारी बारिश की वजह से 15 लोगों की जान चली गई है, जबकि 7 लोग अभी तक लापता बताए जा रहे हैं। फिलहाल 11,018 लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली हुई है। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने तुरंत एक आपातकालीन बैठक बुलाई। उन्होंने बताया कि भले ही बड़े बांधों के गेट बंद रखे गए, लेकिन पानी का स्तर बढ़ने के कारण कम भंडारण क्षमता वाले छोटे बांधों से पानी छोड़ना पड़ा। मुख्यमंत्री ने ये भी स्वीकार किया कि भारतीय मौसम विभाग (IMD) की भविष्यवाणी देर से मिलने के कारण स्थिति थोड़ी मुश्किल हो गई।
केरल सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
राज्य सरकार ने कई तरह के मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए 10,000 रुपये दिए जाएंगे। राहत शिविरों में रह रहे परिवारों को अपने बाढ़ प्रभावित घरों की सफाई के लिए भी 10,000 रुपये मिलेंगे। जिन परिवारों ने अपने किसी सदस्य को खोया है, उन्हें 8 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा। इसके अलावा जिन परिवारों के घर भूस्खलन में पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं और उन्हें दोबारा नहीं बनाया जा सकता, उन्हें सरकार 12 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। करीब 165 हेक्टेयर जमीन पर खड़ी 3,500 से ज्यादा किसानों की फसलें भी बाढ़ की भेंट चढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे बांधों से पानी छोड़ने को लेकर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं।