उत्तराकाशी: भारी बर्फबारी में 136 लोग फंसे, जान बचाने का अभियान जारी
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भारी बर्फबारी हुई है, जिसकी वजह से ऊंचे इलाकों में कम से कम 136 लोग फंस गए हैं। फंसे हुए लोगों में पर्वतारोही, ट्रैकर और उन्हें मदद पहुंचाने वाला सपोर्ट स्टाफ शामिल है।
इनमें से 89 लोग ऊंचे पहाड़ों पर चल रहे अभियानों का हिस्सा थे, जबकि 47 लोग कलिंदी पास और ऑडेन कोल के बेस कैंपों में रुके हुए थे।
अब तक 5 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, लेकिन खराब मौसम की वजह से राहत और बचाव कार्य धीमी गति से चल रहा है।
कई एजेंसियां मिलकर कर रही हैं राहत कार्य
आपदा राहत दल, पुलिस और पर्वतारोहण विशेषज्ञों सहित कई एजेंसियां मिलकर फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हुई हैं।
जिले का प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि फंसे हुए समूहों को समय पर भोजन, पानी और चिकित्सा सहायता मिलती रहे।
चिकित्सा दल और एंबुलेंस टीमें हर समय तैयार हैं। अधिकारी लगातार मौसम पर पैनी नज़र रखे हुए हैं, ताकि मौसम साफ होते ही और लोगों को निकालने का अगला मौका मिल सके।