बरेली में 35 मिनट तक लिफ्ट में फंस रहे 13 लोग, दम घुटने से किशोर बेहोश
देश
उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित सिटी सेंटर मॉल में रविवार रात एक खौफनाक हादसा हुआ। यहां एक खराब लिफ्ट में 13 लोग फंस गए, जिनमें एक किशोर भी शामिल था। लिफ्ट 35 मिनट तक अटकी रही। चूंकि लिफ्ट 2 मंजिलों के बीच अटकी थी और अंदर हवा भी कम होने लगी थी, ऐसे में लोगों में घबराहट फैल गई और देखते ही देखते एक किशोर बेहोश हो गया।
अधिकारी कर रहे रखरखाव में लापरवाही की जांच
घटनास्थल पर तकनीशियनों को पहुंचने में आधे घंटे से ज्यादा समय लग गया। जब सभी लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाला गया, तो मौके पर मौजूद लोगों ने बेहोश किशोर को प्राथमिक उपचार दिया। अब अधिकारी इस बात की जांच में जुटे हैं कि कहीं यह खराब रखरखाव या किसी लापरवाही का नतीजा तो नहीं था। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा के और कड़े नियम बनाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।