Page Loader
झारखंड: साध्वी से गैंगरेप मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, महज 12 साल है उम्र

झारखंड: साध्वी से गैंगरेप मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, महज 12 साल है उम्र

Sep 11, 2020
08:12 pm

क्या है खबर?

झारखंड के गोड्डा जिले में महर्षि संतसेवी सत्संग आश्रम में एक साध्वी से गैंगरेप के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने तीसरे आरोपी को भी दबोच लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी की उम्र महज 12 साल है। ऐसे में उपर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब मामले के चौथे आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी है और लगातार दबिश दे रही है।

प्रकरण

आरोपियों ने हथियार के दम पर किया था गैंगरेप

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में स्थित आश्रम में सोमवार को सत्संग हो रहा था। सत्संग के बाद अन्य लोग तो अपने घर चले गए, लेकिन आश्रम संचालक पंकज और पीड़िता सहित चार साध्वी वहीं रह गई। इस दौरान चार आरोपी हथियार लेकर आश्रम में घुस गए और संचालक और तीन साध्वियों को हथियार के दम पर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद दो आरोपियों ने एक साध्वी से गैंगरेप किया।

विरोध

घटना को लेकर हुआ था खासा विरोध

वारदात के बाद आश्रम संचालक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। इस घटना को लेकर लोग काफी आक्रोशित हैं। विभिन्न संगठनों के लोगों ने भी इस घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की मांग की थी और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भी ट्वीट कर सरकार पर हमला बोला था। इसके मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

कार्रवाई

पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस ने जगह-जगह दबिश देना शुरू कर दिया और मुख्य आरोपी दीपक राणा (18) और अशीष राणा (18) को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर गुरुवार रात को तीसरे नाबालिग आरोपी को भी उसके घर से दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक वाईएस रमेश ने बताया कि तीसरा आरोपी आश्रम के करीब ही रहता है और उसने गैंगरेप के लिए आश्रम में घुसने के लिए आरोपियों का सहयोग किया था।

जानकारी

लॉकडाउन के कारण आश्रम में फंस गई थी साध्वी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िता साध्वी लॉकडाउन से पहले आश्रम में आयोजित एक धार्मिक समारोह में हिस्सा लेने आई थी। उसके बाद अचानक लगे लॉकडाउन के कारण वह वहां फंस गई थी और वापस घर नहीं जा पाई थी।

प्रयास

चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए किया जा रहे हैं प्रयास

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना स्थल से DNA के नमूने फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। पुलिस वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पुख्ता मामला बना रही है। इससे आरोपियों को जल्द से जल्द सजा हो सकेगी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से चौथे आरोपी का पता चल गया है, लेकिन वह अपने घर और रिश्तेदारों के यहां नहीं है। दबिश जारी है।