Page Loader
कोरोना वायरस: महाराष्ट्र में 1,100 से अधिक पुलिसकर्मी संक्रमित, 10 की मौत

कोरोना वायरस: महाराष्ट्र में 1,100 से अधिक पुलिसकर्मी संक्रमित, 10 की मौत

May 16, 2020
04:22 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस ने अब धीरे-धीरे लोगों को अपने आगोश में लेने की रफ्तार को बढ़ा दिया है। अस्पतालों में चिकित्सक और चिकित्साकर्मी अपनी जान पर खेलकर संक्रमितों की जान बचाने में जुटे हैं, वहीं लोगों को इसकी चपेट में आने से बचाने के लिए पुलिसकर्मी दिनभर सड़कों पर खड़े रहकर लोगों को घरों से बाहर आने से रोक रहे हैं। ऐसे में अब कोरोना वायरस ने लोगों को बचाने वाले इन पुलिसकर्मियों का ही शिकार करना शुरू कर दिया है।

स्थिति

महाराष्ट्र में 1,140 पुलिसकर्मियों को कोरोना ने बनाया शिकार

कोरोना वायरस ने पुलिसकर्मियों का सबसे अधिक शिकार महाराष्ट्र राज्य में किया है। इसी राज्य में देश के सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमितों की संख्या भी है। ऐसे में कोरोना वायरस ने राज्य के 1,140 पुलिसकर्मियों को अपनी चपेट में ले लिया है। इनमें से अब तक 10 पुलिसकर्मियों की तो मौत भी हो चुकी है। इसके अलावा 862 पुलिसकर्मियों का वर्तमान में इलाज चल रहा है और 268 पुलिसकर्मियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

मुंबई

मुंबई में 400 से अधिक पुलिसकर्मियों में हुई संक्रमण की पुष्टि

महाराष्ट्र में अब तक संक्रमित हुए 1,140 पुलिसकर्मियों में 106 पुलिस अधिकारी भी शामिल है। जो विभिन्न थानों में निरीक्षक, उप निरीक्षक और उप अधीक्षक पद पर तैदात हैं। महाराष्ट्र के मुंबई में सबसे ज्यादा 400 से अधिक पुलिसकर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 394 मुंबई के विभिन्न थानों में तैनात हैं और बाकी रिजर्व फोर्स में तैनात हैं। ऐसे में बढ़ते मामलों के कारण पुलिस महकमे के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी

मुंबई में हुई सबसे ज्यादा 7 पुलिसकर्मियों की मौत

पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक हुई 10 पुलिसकर्मियों की मौत में से सबसे ज्यादा 7 मौत मुंबई में हुई है। इसी प्रकार सोलापुर, नासिक और पुणे जिले में एक-एक पुलिसकर्मी की मौत हुई है। हजारों पुलिसकर्मी क्वारंटाइन में हैं।

बचाव

55 साल से अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों को दिए घर पर रहने के आदेश

महाराष्ट्र में पुलिकर्मियों के बीच तेजी से फैल रहे संक्रमण को देखते हुए गृह मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने उम्रदराज लोगों के जल्दी कोरोना की चपेट में आने को देखते हुए राज्य के पुलिस थानों में तैनात 55 साल से अधिक उम्र के सभी पुलिसकर्मियों को घर पर रहने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के पूरे उपकरण पहनने तथा सभी उपायों का पालन करने को कहा गया है।

दिल्ली

राजधानी दिल्ली में 157 पुलिसकर्मी हुए कोरोना से संक्रमित

देश में केवल महाराष्ट्र में ही पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में नहीं आए हैं बल्कि अन्य राज्यों में भी कोरोना ने पुलिसकर्मियों को अपना शिकार बनाया है। दिल्ली में अब तक चार अधिकारियों सहित कुल 157 पुलिसकर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से एक पुलिसकर्मी की मौत भी हो चुकी है और 47 पुलिसकर्मी उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। यहां भी 55 साल से अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी नहीं लगाई जा रही है।

अन्य राज्य

देश के अन्य राज्यों में संक्रमित हुए पुलिसकर्मी

महाराष्ट्र और दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में भी पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में आए हैं। लॉकडाउन के बाद राजस्थान में 35, उत्तर प्रदेश में 64 और मध्य प्रदेश के इंदौर में 31 पुलिसकर्मी अब इसकी चपेट में आ चुके हैं। उत्तर प्रदेश में दो पुलिसकर्मियों की मौत भी हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 24 पुलिसकर्मी कानपुर में, 17 पुलिसकर्मी फिरोजाबाद में और 11 पुलिसकर्मी वाराणसी में कोरोना की चपेट में आए हैं।

संक्रमण

देश में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति

बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के कुल 3,970 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या 85,940 हो गई है। इसी तरह 103 नई मौतों के बाद जान गंवाने वालों का आंकड़ा 2,752 हो गया है। देश में वर्तमान में 53,035 एक्टिव केस हैं और 30,153 लोगों ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। महाराष्ट्र में संक्रमितों की कुल संख्या 29,100 हो गई हैं और अब तक 1,068 की मौत हो गई।