गुजरात: वलसाड के उमरगाम में 1,064 मिलीमीटर बारिश, भारत में तीसरी सबसे ज्यादा
देश
गुजरात के वलसाड जिले के उमरगाम में मूसलाधार बारिश हुई है। पिछले 24 घंटों में यहां 1,064 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो भारत में एक दिन में हुई तीसरी सबसे ज्यादा बारिश है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि इस बेतहाशा बारिश की वजह मानसून ट्रफ, चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ का मिला-जुला असर है।
IMD ने वलसाड को ऑरेंज अलर्ट पर रखा
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए वलसाड जिले को ऑरेंज अलर्ट पर रखा है। विभाग ने यहां और ज्यादा भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, हालांकि शनिवार से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। कोंकण, गोवा, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र जैसे बाकी इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है।
एक अच्छी खबर यह भी है कि इस बारिश के चलते देश का मानसून घाटा कम हुआ है। 19 जुलाई से अब यह घाटा -24 प्रतिशत से घटकर -17 प्रतिशत पर आ गया है।