2031 तक पूरी होगी 'अवतार' फ्रैंचाइजी, 'नेतिरी' जोई ने दी मजेदार प्रतिक्रिया
दुनियाभर में लोकप्रिय फिल्म फ्रेंचाइजी 'अवतार' के प्रशंसक इन दिनों निराश हैं। कुछ दिन पहले डिज्नी ने फिल्म के आने वाले सीक्वल में देरी की खबर दी थी। इसके साथ ही कंपनी ने बताया था कि फिल्म का कौन-सा भाग कब आएगा। ऐसे में 'अवतार' के प्रशंसकों के साथ क्रू और कलाकार भी निराश हैं। अब मुख्य अभिनेत्री जोई सल्डाना ने इस पर मजेदार प्रतिक्रिया दी है। देखते ही देखते उनकी प्रतिक्रिया खबरों में छा गई।
2031 तक पूरी होगी 'अवतार'
निर्देशक जेम्स कैमरून की फिल्म कुछ दिनों से सुर्खियों में है। निर्माताओं ने इसके आने वाले भागों में देरी की पुष्टि की है। निर्माताओं ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि फिल्म के अगले भाग 'अवतार 3' की रिलीज एक साल आगे खिसक गई है। अब यह फिल्म 2025 में रिलीज होगी। यह भी बताया गया कि फिल्म का आखिरी भाग 2031 तक पूरा हो सकेगा। बता दें इसका पहला भाग 2009 में आया था।
जोई सल्डाना ने दी मजेदार प्रतिक्रिया
'अवतार' की मुख्य अभिनेत्री जोई साल्डाना ने इस पर मजेदार प्रतिक्रिया दी है। जोई फिल्म में नेतिरी की भूमिका में नजर आती हैं। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, 'वाह! जब अवतार की आखिरी फिल्म आएगी, तब मैं 53 साल की हो जाउंगी। मैं 27 साल की थी, जब मैंने पहले अवतार की शूटिंग की थी।' दिलचस्प बात यह है कि तब मुख्य अभिनेता सैम वर्दिंगटन 55 के होंगे और जेम्स कैमरून खुद 77 वर्ष के हो जाएंगे।
22 साल में पूरी होगी फ्रैंचाइजी
'अवतार' के आने वाले भागों के बारे में बात करें तो 'अवतार 3' 2024 में आने वाली थी, लेकिन इसकी रिलीज खिसका के 19 दिसंबर, 2025 में कर दी गई है। इसके बाद 'अवतार 4' 21 दिसंबर 2029 में आएगी और 'अवतार 5' 2031 में आएगी। यानी कि इस ब्लॉकबस्टर फिल्म की फ्रैंचाइज को पूरा होने में 22 साल का समय लगेगा। सोशल मीडिया पर प्रशंसक इस समय अवधि को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
बेहतरीन साइंस फिक्शन फिल्म है 'अवतार'
2009 की 'अवतार' को अब तक की सबसे बेहतरीन साइंस-फिक्शन फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म में दिखाया था कि 22वीं शताब्दी में मनुष्य एक महत्वपूर्ण खनिज अनओब्टेनियम को पैंडोरा ग्रह पर खोद रहे हैं जो पैंडोरा की प्रजातियों के लिए ही खतरनाक है। फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी, प्रोडक्शन डिजाइन और विजुअल इफेक्ट्स के लिए तीन ऑस्कर अपने नाम किए थे। इसके बाद इसका सीक्वल 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' पिछले साल दिसंबर में आई थी।