मुमताज का जीनत अमान पर तीखा वार- वो अच्छी अभिनेत्री नहीं, उन्हें आखिर कितने अवॉर्ड मिले?
क्या है खबर?
बॉलीवुड की 2 दिग्गज अभिनेत्रियों मुमताज और जीनत अमान के बीच शुरू हुई जुबानी जंग अब और तीखी होती जा रही है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान मुमताज ने जीनत अमान के करियर और उनके अभिनय कौशल पर कड़ा प्रहार किया। मुमताज ने न केवल जीनत को एक 'औसत दर्जे की कलाकार' करार दिया, बल्कि उनकी साख पर सवाल उठाते हुए सीधे तौर पर पूछा कि उन्हें अपने पूरे करियर में कितने अवॉर्ड मिले?
निशाना
मुमताज ने जीनत को बताया 'औसत' अभिनेत्री
विक्की लालवानी के साथ एक हालिया बातचीत में मुमताज ने जीनत की अभिनय क्षमता को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें एक 'कमजोर अभिनेत्री' करार दिया। मुमताज ने बेबाकी से कहा, "मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है और इसके लिए मैं जीनत से माफी भी मांगती हूं, लेकिन वो कोई बहुत अच्छी अभिनेत्री नहीं थीं।" बात यहीं खत्म नहीं हुई। मुमताज ने जीनत की उपलब्धियों पर सीधा प्रहार करते हुए सवाल उठाया, "उन्हें आखिर कितने अवॉर्ड मिले?"
दो टूक
"स्टारडम कोई खैरात नहीं"
मुमताज के मुताबिक, स्टार बनना कोई रातों-रात होने वाला जादू नहीं, बल्कि सालों की तपस्या है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्टारडम का दर्जा केवल चुनिंदा लोगों को ही मिलता है। उन्होंने दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि उस स्तर तक पहुंचना हर किसी के बस की बात नहीं है। मुमताज ने भारतीय सिनेमा की महान अभिनेत्रियों मीना कुमारी, मधुबाला, नरगिस और रेखा का नाम लेते हुए कहा कि असली स्टारडम इन्हीं के पास है।
स्टारडम
मुमताज ने संजीव कुमार को 'बड़ा स्टार' मानने से किया इनकार
मुमताज ने संजीव कुमार जैसे दिग्गज कलाकार को बेहतरीन अभिनेता तो माना, लेकिन उन्हें 'बड़ा स्टार' मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि एक 'बेहतरीन अभिनेता' होना और एक 'बड़ा स्टार' होना, 2 अलग-अलग बातें हैं। मुमताज बोलीं कि संजीव एक अद्भुत और मंझे हुए अभिनेता थे, लेकिन वो 'बड़े स्टार' की श्रेणी में नहीं आते थे। बता दें कि 'खिलौना' में मुमताज ने संजीव के साथ तो 'हरे राम हरे कृष्णा' में उन्होंने जीनत संग काम किया था।
कटाक्ष
जीनत की 'लिव-इन' वाली बात पर भी भड़की थीं मुमताज
ये पहला मौका नहीं, जब मुमताज ने जीनत पर निशाना साधा हो। इससे पहले मुमताज ने जीनत द्वारा 'लिव-इन रिलेशनशिप' का समर्थन करने पर भी गहरी आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि भारतीय समाज में पारंपरिक मूल्यों का अपना महत्व है और ऐसी सलाह देना गलत है, जो इन मूल्यों के खिलाफ जाती हो। मुमताज के अनुसार, जीनत जैसी अभिनेत्रियों को ऐसी सलाह देने से बचना चाहिए, जो युवाओं को गुमराह कर सकती हैं या संस्कारों के विपरीत हों।