50 करोड़ में बिकी नागा चैतन्य की 'वृषाकर्म', ZEE5 ने रिलीज से पहले ही किया बड़ा सौदा
नागा चैतन्य की रहस्यमयी एक्शन-एडवेंचर फिल्म 'वृषाकर्म' ने रिलीज से पहले ही एक बड़ी डील कर ली है।
ZEE5 ने इसके डिजिटल और सैटेलाइट राइट्स करीब 50 करोड़ रुपये में खरीद लिए हैं। हाल के समय में किसी तेलुगु फिल्म के लिए यह सबसे बड़े सौदों में से एक है।
इस डील के जरिए निर्माताओं को अपनी लागत का एक बड़ा हिस्सा फिल्म सिनेमाघरों में आने से पहले ही वसूलने का मौका मिल गया है।
'वृषाकर्म' में नागा का होगा ये किरदार
'विरुपाक्ष' जैसी कामयाब फिल्म बनाने वाले कार्तिक वर्मा दंदु ने ही इस फिल्म को निर्देशित किया है। फिल्म में नागा, अर्जुन का किरदार निभा रहे हैं।
वह एक खजाना खोजने वाला है, जो एक रहस्यमयी दुनिया में पुराने राजों की तलाश कर रहा है। मीनाक्षी चौधरी ने दक्ष की भूमिका निभाई है, जो कहानी का एक अहम हिस्सा है।
फिल्म में शानदार विजुअल्स और दमदार एक्शन दृश्य देखने को मिलेंगे। नागा की हालिया हिट फिल्म 'थैंडल' के बाद आने की वजह से दर्शक 'वृषाकर्म' को लेकर अभी से काफी उत्साहित हैं।