जरीन खान के अंतिम संस्कार पर जायद खान का जवाब- धर्म से ऊपर मां का प्यार
क्या है खबर?
मशहूर अभिनेता और फिल्म निर्माता संजय खान की पत्नी जरीन खान के निधन और उनके हिंदू रीति-रिवाजों से हुए अंतिम संस्कार पर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस के बीच उनके बेटे और अभिनेता जायेद खान ने चुप्पी तोड़ी है। अपनी मां की अंतिम विदाई के वीडियो पर हो रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए जायद ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया और परिवार की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की। क्या बोले जायद, आइए जानते हैं।
बिकी
जायद ने मां की आखिरी विदाई पर तोड़ी चुप्पी
जरीन के निधन और उनके हिंदू रीति-रिवाजों से हुए अंतिम संस्कार पर पिछले साल सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ी थी। जायद ने इस पर चुप्पी तोड़ते हुए जूम से कहा, "हमारे लिए धर्म पूरी तरह से एक व्यक्तिगत मामला है, आप इसे कैसे अपनाना चाहते हैं, यह आप पर निर्भर है। ये कहना बिल्कुल सही नहीं है कि कौन-सा धर्म बेहतर है और कौन-सा बुरा। ऐसी बातें करना अच्छा नहीं होता।"
अंतिम इच्छा
"मैं आजाद होना चाहती हूं"
जायद बोले, "हम खुद को एक बहुत ही धर्मनिरपेक्ष परिवार के रूप में परिभाषित करते हैं और हमें ये बताने की जरूरत नहीं है कि हम ऐसे क्यों हैं। मेरी मां एक 'खूबसूरत नदी' के किनारे बैठी थीं। उस वक्त बस मां ने कहा कि अगर मैं कभी इस दुनिया से जाऊं तो मैं चाहती हूं कि मेरी अस्थियां इसी नदी में प्रवाहित की जाएं। मैं आजाद (मुक्त) होना चाहती हूं।"
दो टूक
जायद ने नफरत फैलाने वालों को दिया करारा जवाब
बातचीत में जायद ने आगे कहा, "आपकी मां की आखिरी इच्छा जो भी हो, उसे पूरा किया ही जाएगा। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि दूसरे लोग क्या कहते हैं या दुनिया क्या कहती है। इससे भी फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने नफरत भरे हो सकते हैं। मैं उन्हें दोष नहीं देता, दुर्भाग्य से हालात ही ऐसे हैं, जहां लोग हर चीज को मजहब के चश्मे से देखते हैं। खैर, उन हालातों को बदलने में अभी वक्त लगेगा।"
विवाद
हिंदू विधि से हुआ जरीन का अंतिम संस्कार तो सोशल मीडिया पर हुआ बवाल
बता दें कि पिछले साल 7 नवंबर को खान का 81 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया था। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा। हालांकि, उनके अंतिम संस्कार के बाद सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस छिड़ गई थी, क्योंकि मुस्लिम परिवार से होने और पारसी मूल की होने के बावजूद उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया था। इसके लिए पूरे खान परिवार को खूब ट्रोल किया गया था।