फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज पर क्या है निर्माताओं की योजना?
क्या है खबर?
2022 में 'KGF 2' जैसी सफल फिल्म देने के बाद, सुपरस्टार यश 'टॉक्सिक' के जरिए वापसी कर रहे हैं। गीतू माेहनदास द्वारा निर्देशित यह पहले 19 अप्रैल को रिलीज होनी थी, फिर इसे जून तक के लिए स्थगित किया गया। हालांकि फैंस का दिल उस वक्त टूट गया, जब निर्माताओं ने दोबारा फिल्म की रिलीज को टाल दिया। ताजा खबर है कि रजनीकांत की 'जेलर 2' के आगे खिसकते ही निर्माताओं ने अगस्त पर नजर टिकानी शुरू की है।
बदलाव
'जेलर 2' की रिलीज में बदलाव, 'टॉक्सिक' का रास्ता साफ
नेल्सन दिलीपकुमार द्वारा निर्देशित 'जेलर 2' की रिलीज तारीख में बदलाव की योजना बन रही है, जिसके तहत इसे सितंबर में रिलीज किया जा सकता है। फिल्मफेयर से बातचीत में एक सूत्र ने बताया था कि निर्माता फिल्म को 14 अगस्त की बजाए 11 सितंबर को रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके पीछे मकसद गणेश चतुर्थी और आने वाले लंबे वीकेंड का फायदा उठाना है, जिससे कमाई के लिहाज से निर्माताओं को बड़ा फायदा हो सकता है।
रिलीज
'टॉक्सिक' के लिए यश की नजरें अगस्त पर
'जेलर 2' की रिलीज स्थगित होने से, यश के लिए यह अप्रत्यक्ष रूप से यह सुनहरा मौका साबित हो सकता है। फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि निर्माता 'टॉक्सिक' को अगस्त में रिलीज कर सकते हैं। हालांकि फिल्म की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिल्म में यश के अलावा, कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी मुख्य भूमिकाओं में शामिल हैं।