'रामायण' को लेकर यश बोले- राम ही नहीं, रावण से भी जुड़ाव महसूस करेंगे दर्शक
क्या है खबर?
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित फिल्म 'रामायण' 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में हाल ही में टुडे स्टार्स के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वो 'रामायण' को लेकर काफी उत्साहित हैं। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म में काम करने के अपने अनुभव साझा किए और बताया कि बताया कि 'रामायण' में रावण का होना क्यों जरूरी है।
तारीफ
यश ने की 'रामायण' की तारीफ
यश ने 'रामायण' के बारे में बात करते हुए कहा, "हर राज्य में और हर भाषा में 'रामायण' की व्याख्या अलग-अलग है। इसके कई अलग-अलग अर्थ हैं और हमारी संस्कृति की खूबी यही है कि हम इस कहानी को हर किसी के नजरिए से देखते हैं। लोगों ने रावण के नजरिए से भी इस कहानी को पेश करने की कोशिश की है। मुझे लगता है कि इस कहानी की खूबसूरती यह है कि लोग इससे आसानी से जुड़ सकते हैं।
हैरान
'रामायण' में आएंगे कई हैरान कर देने वाले मोड़
यश ने आगे कहा, "इसके 2 पहलू हैं, जब हम कुछ हासिल करना चाहते हैं, तब हम सीखते हैं और खुद को किसी हुनर में पूरी तरह समर्पित कर देते हैं। जब हम उसे पा लेते हैं, तब हम बहुत शक्तिशाली बन जाते हैं। इस कहानी में रावण एक विद्वान, संगीतकार और योद्धा है, लेकिन इसमें कुछ ऐसे मोड़ आते हैं, जहां लिए गए फैसलों का एक के बाद एक असर पड़ता है।"
फिल्म
'रामायण' के जरिए भारतीय फिल्मों को वैश्विक मंच पर दिखाया जाएगा
यश कहते हैं, "इसे बेहतरीन ढंग से दिखाया गया है। कोई व्यक्ति राम से जुड़ सकता है तो कोई रावण से, लेकिन राम ने जीवन की परिस्थितियों को जिस तरह से संभाला, वो वाकई काबिले-तारीफ है और इसे दिखाने के लिए, हमें रावण की जरूरत पड़ती है।"
यश आगे कहते हैं, "भारतीय फिल्मों को वैश्विक मंच पर दिखाने का ये बिल्कुल सही समय है, जिस तरह कोरियाई सिनेमा अपनी छाप छोड़ रहा है, उसी तरह भारत भी इसका हकदार है।"
स्टार कास्ट
ये है फिल्म की स्टार कास्ट
नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित, फिल्म 'रामायण' 2 भागों में आने वाली है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में और सनी देओल हनुमान के रूप में नजर आएंगे।
इनके अलावा इस फिल्म में रवि दुबे, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता भी शामिल हैं।