यश बोले- शाहरुख खान बहुत बड़े सुपरस्टार, खुद को उनसे बड़ा माना तो दुकान बंद समझो
क्या है खबर?
साल 2018 में कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म 'KGF' और शाहरुख खान की 'जीरो' बॉक्स-ऑफिस पर भिड़ी थीं। तब किसी ने नहीं सोचा था कि 'KGF' सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी। हालांकि, जब फिल्में रिलीज हुईं तो 'KGF' कमाई की ऐसी सुनामी लाई कि 'जीरो' बॉक्स-ऑफिस पर पस्त हो गई। खुद यश ने 'KGF' को छोटी फिल्म माना था और कभी नहीं सोचा था कि ये 'जीरो' की कमाई की बराबरी कर पाएगी। आइए जानें उन्होंने इस पर क्या कहा।
सवाल
शाहरुख से नहीं मिले, इसलिए भिड़ा दी KGF?
शो 'आप की अदालत' के दौरान 40 वर्षीय अभिनेता यश से इस टकराव के बारे में पूछा गया कि क्या उन्होंने जानबूझकर शाहरुख की बहुप्रतीक्षित फिल्म के साथ 'KGF' को रिलीज किया था? इस पर यश बोले कि वो खुद शाहरुख के बहुत बड़े प्रशंसक हैं और कभी उनसे मिलना चाहते थे।
उनसे पूछा गया, "आप शाहरुख के बहुत बड़े फैन हैं, उनसे मिलना चाहते थे और जब समय नहीं मिला तो क्या आपने 'KGF' उनकी 'जीरो' से भिड़ा दी?"
दो टूक
खुद को बड़ा समझा तो दुकान बंद- यश
इस सवाल का जवाब देते हुए यश ने समझाया कि दोनों फिल्मों का स्तर बहुत अलग था और 'जीरो' की तुलना में 'KGF' काफी छोटी फिल्म थी।
यश बोले, "हमारी फिल्म छोटी थी और शाहरुख सर की फिल्म बहुत बड़ी थी, इसलिए हमने उसे एक ही दिन रिलीज किया था। शाहरुख से मेरी कोई बराबरी नहीं। वो एक सुपरस्टार हैं और जिस दिन मैं सोच लूंगा कि मैं अपने सीनियर्स से बड़ा हो गया हूं, उस दिन मेरी दुकान बंद।"