YRF ने कलाकारों के विकास के लिए लॉन्च किया 'राह रिकॉर्ड्स', जानिए कब आएगा पहला संगीत?
यश राज फिल्म्स (YRF) ने राह रिकॉर्ड्स नाम से एक नया म्यूजिक लेबल शुरू किया है। इसका मकसद सिर्फ फिल्म के गानों तक सीमित न रहकर पूरे भारत में नए और बेहतरीन संगीत कलाकारों की खोज करना और उन्हें एक मंच देना है।
इस लेबल का पहला गाना 'जादूगरी' 5 अगस्त को रिलीज होगा, जिसे गायक अमन ने गाया है। यश राज फिल्म्स के CEO अक्षय विधानी ने बताया कि उनका लक्ष्य नए कलाकारों को एक मजबूत सहारा देना है।
उन्होंने कहा, '5 दशकों से भी ज्यादा समय से हम असाधारण प्रतिभाओं को पहचानते आए हैं और ऐसे मंच बनाते रहे हैं जहां रचनात्मकता को खुलकर आगे बढ़ने का मौका मिले। भारत का इंडिपेंडेंट म्यूजिक इकोसिस्टम अब एक अहम विकास के दौर में है, ऐसे में हमारा मानना है कि बड़े कलाकारों को सिर्फ डिस्ट्रीब्यूशन से कहीं ज्यादा की जरूरत है। उन्हें विश्वास, समय और लंबी अवधि की रचनात्मक साझेदारी चाहिए।'
राह रिकॉर्ड्स इस चीज पर दे रहा है ध्यान
राह रिकॉर्ड्स कलाकारों की लंबे समय तक चलने वाली तरक्की पर खास ध्यान देगा। इसमें गाने लिखने में मदद, रचनात्मक दिशा-निर्देश और श्रोताओं के साथ गहरा संबंध बनाने जैसे पहलू शामिल होंगे।
इस प्रोजेक्ट की अगुवाई कर रहे नकुल शर्मा का कहना है कि यह कलाकारों के लिए एक ऐसा मंच बनेगा, जहां वे अपना ऐसा संगीत बना सकेंगे, जो उनकी सच्ची पहचान को बताएगा।
YRF अब भारत के स्वतंत्र संगीत जगत में और भी मजबूती से अपनी जगह बना रहा है, ऐसे में आने वाले समय में और भी नए गाने और कलाकारों के साथ करार देखने को मिलेंगे।