'या अली' फेम गायक जुबीन गर्ग अस्पताल में भर्ती, सिर में लगी थी चोट
क्या है खबर?
गायक और संगीतकार जुबीन गर्ग की मखमली आवाज दिल की गहराई में उतर जाती है। उन्हें 'या अली' गाने के बाद देशभर में पहचान मिली।
अब उनके प्रशंसकों के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। खबरों की मानें तो सिर में चोट लगने के कारण जुबीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्हें आज असम के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने के लिए फैंस दुआएं कर रहे हैं।
रिपोर्ट
जुबीन के सिर पर लगे टांके
ANI के मुताबिक, जुबीन को सिर में मामूली चोट लगी है, जिसके बाद एहतियातन उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
इंडियन एक्सप्रेस की मानें तो उन्हें पहले डिब्रूगढ़ के एक स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया और बाद में गुवाहाटी रेफर कर दिया गया।
जुबीन फिलहाल ICU (गहन चिकित्सा केंद्र) में हैं। बताया जा रहा है कि मिर्गी के दौरे पड़ने के कारण उन्हें चोट लगी, जिसके चलते उनके सिर पर टांके लगे हैं।
स्थिति
खतरे से बाहर है जुबीन की हालत
NDTV की एक रिपोर्ट के अनुसार, जुबीन को आज शाम एक एयर एम्बुलेंस की मदद से गुवाहाटी ले जाया गया। खबरों की मानें तो वह नियंत्रण खोने के बाद एक रिजॉर्ट के वॉशरूम में गिर गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका CT स्कैन किया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि उनकी हालत खतरे से बाहर है।
असम के स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत भी उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
जानकारी
असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा ने दिए समुचित इलाज के निर्देश
असम के मुख्यमंत्री डॉक्टर हेमंत बिस्वा सरमा ने गायक के इलाज के लिए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि जुबीन के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री केशव को उनके चिकित्सा की निगरानी करने का भी निर्देश दिया।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
करीब दो साल पहले गुवाहाटी में एक इवेंट के दौरान जुबिन स्टेज पर बेहोश होकर गिर गए थे। इस घटना में उनकी गर्दन और हाथ में चोट आई थी। इस दौरान उनको जीभ पर टांके भी लगे थे। कुछ समय बाद वह रिकवर हुए थे।
करियर
इन हिंदी गानों से जुबीन ने जीता दिल
जुबीन ने असमिया, बंगाली और बॉलीवुड फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया है। प्लेबैक सिंगर और म्यूजिक कंपोजर के रूप में उन्हें ख्याति मिली है।
2006 में आई फिल्म 'गैंगस्टर' का गाना 'या अली' आज भी लोगों की जुबां पर है। ऋतिक रोशन की सुपरहीरो फिल्म 'कृष 3' के गाने 'दिल तू ही बता' को उन्होंने ही अपनी आवाज दी थी।
वह ढोल, ड्रम, गिटार, हारमोनियम, मैंडोलिन सहित कई तरह के संगीत वाद्ययंत्र बजाते हैं।