सैयामी खेर ने क्यों ठुकराईं 2 बड़ी फिल्में? अभिनेत्री ने खुद किया वजह का खुलासा
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेत्री सैयामी खेर ने 10 साल पहले फिल्म जगत में कदम रखा और कई फिल्मों में काम करके अपना लोहा मनवाया। अब एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बॉलीवुड में अपने एक दशक लंबे सफर के बारे में बात की। न्यूज18 से बात करते हुए अभिनेत्री ने बताया कि उनकी फिल्म 'मिर्ज्या' की शूटिंग खत्म होने के बाद उन्हें 2 बड़ी फिल्मों के ऑफर आए थे। हालांकि, किरदार कुछ खास न होने की वजह से उन्होंने उन्हें ठुकरा दिया था।
सैयामी
बड़ी फिल्म में मामूली रोल नहीं चाहती थीं सैयामी
सैयामी ने कहा, "उन फिल्मों का 'न' कहना मुश्किल नहीं था। स्क्रीन टाइम कम हो या ज्यादा, लेकिन मेरे किरदार को कहानी को आगे बढ़ाने वाला होना चाहिए। किसी बड़ी फिल्म में मामूली रोल करने के बजाय, मैं ऐसी फिल्म का हिस्सा बनना पसंद करूंगी, जिसमें मेरा किरदार अहम हो।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे इनके लिए जो ब्रीफ दिया गया था, वह था- 3 गाने हैं और हीरो के साथ 2 सीन हैं। मुझे स्क्रिप्ट तक नहीं दी गई थी।"
इंडस्ट्री
अभिनेताओं पर क्या है सैयामी की राय?
अभिनेत्री ने इंडस्ट्री में पुरुष को-स्टार के साथ रहे अनुभवों के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, "हर कोई सुरक्षित महसूस नहीं कर सकता। ये इंडस्ट्री ही ऐसी है, जहां हर कोई हमेशा भागदौड़ में लगा रहता है और इससे असुरक्षा पैदा होती है।"
उनके मुताबिक, अगर अभिनेत्री का क्लोज-अप शॉट होता है तो सुपरस्टार्स रिएक्शन देने के लिए इंतजार नहीं करते। हालांकि, उन्होंने अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार को अलग बताया।
जानकारी
इस निर्देशक के साथ काम करना चाहती हैं सैयामी
सैयामी ने निर्देशक प्रियदर्शन के साथ काम करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा, "वह स्पष्टता से काम करते हैं। 'हैवान' के सेट पर वह 2 से 3 घंटे में ही काम पूरा कर लेते थे।" फिलहाल, अभिनेत्री अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की तैयारी कर रही हैं।