अभिनेत्री और मॉडल हर्षिल कालिया कौन थीं, जिनकी जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसे ने ली जान?
क्या है खबर?
जयपुर की सड़कों पर हुए एक खौफनाक मंजर ने मनोरंजन जगत के एक और उभरते कलाकार को हमसे छीन लिया। हर्षिल कालिया, जो अपनी एक्टिंग और मॉडलिंग के जरिए युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रही थीं, अब इस दुनिया में नहीं रहीं। जयपुर में हुए भीषण कार हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हर्षिल न केवल शानदार मॉडल थीं, बल्कि वो अपनी फिटनेस और स्टाइल के लिए भी जानी जाती थीं। आइए उनके बारे में जानें।
दुखद
काम से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
राजस्थान की राजधानी जयपुर में 30 वर्षीय हर्षिल देर रात अपना काम खत्म करके घर लौट रही थीं, तभी उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। हादसे का CCTV फुटेज रोंगटे खड़े कर देने वाला है। इसमें देखा जा सकता है कि हर्षिल की कार नियंत्रण खोने के बाद डिवाइडर से टकराई और बाईं ओर पलट गई। इस टक्कर में हर्षिल के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दर्दनाक हादसा
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि कार पलटते ही सड़क पर सन्नाटा छा गया और फिर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे लोग और वाहन रुक गए, और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए पलटी हुई कार में फंसी हर्षिल कालिया को बाहर निकाला। वो गंभीर रूप से घायल थीं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही हर्षिल दम तोड़ चुकी थीं।
सफरनामा
एंकर से एक्ट्रेस तक: हर्षिल कालिया का सफर
हर्षिल कालिया मनोरंजन जगत का एक बहुआयामी चेहरा थीं। मूल रूप से जयपुर की रहने वाली हर्षिल ने अपने करियर की शुरुआत एक न्यूज एंकर के तौर पर की थी, जहां उन्होंने एक टीवी चैनल के लिए एंकरिंग की। अपनी वाकपटुता और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने जल्द ही ग्लैमर की दुनिया में कदम रखा। अभिनय की दुनिया में हर्षिल ने अपनी एक अलग पहचान बनाई। वो कई लोकप्रिय राजस्थानी म्यूजिक वीडियोज में लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आईं।
कहानी
ग्लैमर से त्रासदी तक, उभरती अभिनेत्री हर्षिल की अधूरी कहानी
हर्षिल वेब सीरीज 'क्राइम नेक्स्ट डोर' में भी नजर आई थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सोनी टीवी के शो 'विघ्नहर्ता गणेश' से की, जहां 'जल परी' के किरदार से उन्हें पहचान मिली। साल 2019 में वो जिंग चैनल के शो 'लव योरसेल्फ' के एक एपिसोड में भी दिखाई दी थीं। हर्षिल जयपुर की ग्लैमर इंडस्ट्री में सक्रिय थीं 23 मार्च की रात भी वो काम से ही घर लौट रही थीं, जब नियति को कुछ और ही मंजूर था।