यूट्यूबर बोनू कोमली कौन थीं, जिन्होंने 21 साल की उम्र में ली खुद की जान?
क्या है खबर?
तेलंगाना के हैदराबाद से एक बेहद परेशान कर देने वाली खबर आई जिसने हर किसी को दंग कर दिया है। यहां रहने वालीं एक जानी-मानी यूट्यूबर बोनू कोमली अपने किराए के घर में मृत पाई गई हैं। ई-टाइम्स के मुताबिक, बोनू ने 21 साल की उम्र में खुद की जान ले ली है। इस घातक कदम को उठाने से पहले उन्होंने अपनी मां को एक आखिरी संदेश भेजा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिचय
जानिए कौन थीं बोनू कोमली
रिपोर्ट के अनुसार, आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम की रहने वालीं बोनू, यूट्यूबर होने के अलावा BSC की छात्रा थीं। यूट्यूब पर वह लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो बनाया करती थीं। बताया जाता है कि करीब 11 महीनों से वह अकेले ही हैदराबाद में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रही थीं।
संदेश
मां को आखिरी बार भेजा था संदेश
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, बोनू ने 23 फरवरी, सोमवार को दिन में लगभग 1:34 बजे अपनी मां बी. सत्या वरलक्ष्मी को एक भावुक संदेश भेजा था। उसमें लिखा था, 'मम्मी, मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं। ध्यान रखना, मेरे छोटे भाई का ख्याल रखना।' कुवैत में बेबीसिटर का काम कर रहीं वरलक्ष्मी को जब अपनी बेटी का संदेश मिला, तो उन्होंने तुरंत उन्हें फोन किया जोकि बंद था। बाद में, सहेली ने जाकर देखा तो बोनू कमरे में मृत मिलीं।
निष्कर्ष
पुलिस की जांच में निकला ये निष्कर्ष
रायदुग्राम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला कि बोनू द्वारा उठाए गए इस आत्मघामी कदम के पीछे का कारण, एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर संग लंबे समय से चल रहे रिश्ते से उपजा विवाद और तनाव का परिणाम है। पुलिस ने पाया कि दोनों ने अपना 3 साल पुराना रिश्ता खत्म कर दिया था जिसके परिणामस्वरूप यूट्यूबर ने खुद की जान ले ली। बताया गया कि यह कोशिश 6 महीने पहले भी की गई थी।
जानकारी
आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।