
कौन हैं 'सैयारा' की अभिनेत्री अनीत पड्डा, जिनकी अदाकारी के मुरीद हुए लोग?
क्या है खबर?
मोहित सूरी के निर्देशन में बनी फिल्म 'सैयारा' आखिरकार लंबे इंतजार के बाद 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म से अनन्या पांडे के चचेरे भाई अहान पांडे ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। इसमें उनकी जोड़ी अनीत पड्डा के साथ बनी है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। दोनों की केमिस्ट्री लोगों को खूब पसंद आ रही है। अनीत की अदाकारी के दर्शक मुरीद हो गए हैं। आइए उनके बारे में जानें।
शुरुआत
मॉडलिंग से की करियर की शुरुआत
अनीत बॉलीवुड की उभरती हुई अभिनेत्री हैं। उनका जन्म 14 अक्टूबर, 2002 को पंजाब में हुआ था। 23 वर्षीय अनीत ने अपनी शुरुआत पढ़ाई अमृतसर के स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल से पूरी की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की। अनीत ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। इसके बाद उन्होंने नेस्कैफे, कैडबरी डेयरी मिल्क, अमेजन इंडिया, पेटीएम जैसे ब्रांड्स के विज्ञापनों में काम किया।
फिल्म
काजोल के साथ काम कर चुकी हैं अनीत
अनीत ने 2022 में आई फिल्म 'सलाम वेंकी' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसमें उन्होंने नंदिनी का किरदार निभाया था। इस फिल्म में काजोल और विशाल जेठवा ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा अनीत वेब सीरीज 'बिग गर्ल्स डोंट क्राई' में भी नजर आ चुकी हैं। अमेजन प्राइम वीडियो पर आई इस सीरीज में उन्होंने रूही आहूजा का किरदार निभाया था। इस शो में पूजा भट्ट, जोया हुसैन, मुकुल चड्ढा और राइमा सेन भी अहम किरदारों में थे।