Page Loader
मिस वर्ल्ड 2024 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सिनी शेट्टी से जुड़ीं खास बातें जानिए
मिस इंडिया रह चुकीं सिनी शेट्टी के बारे में जानिए (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@sinishettyy)

मिस वर्ल्ड 2024 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सिनी शेट्टी से जुड़ीं खास बातें जानिए

Mar 09, 2024
05:41 pm

क्या है खबर?

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आगाज आज यानी 9 मार्च को भारत के मुंबई स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होने वाला है। इस प्रतियोगिता में 112 देश की हसीनाओं ने हिस्सा लिया। इनमें से फिनाले राउंड तक पहुंचने वाली प्रतियोगियों में जिस प्रतियोगी की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वो हैं सिनी शेट्टी। ऐसे में हर कोई उनके बारे में जानना चाहता है। आइए आपको भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सिनी के बारे में विस्तार से बताते हैं।

जन्म और पढ़ाई

मुंबई में हुआ जन्म

सिनी का जन्म 2 अगस्त 2001 को मुंबई में हुआ था। वह कर्नाटक से ताल्लुक रखती हैं। डोमिनिक सेवियो स्कूल, घटकोपर से उन्होंने अपनी पढ़ाई की। इसके बाद मुंबई के एस के सोमैया कॉलेज से उन्होंने ग्रेजुएशन की डिग्री ली। दिलचस्प बात ये है कि जहां वह जन्मीं और जहां से उन्होंने पढ़ाई की, अब वहीं पर सिनी अपने जीवन की सबसे बड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रही हैं और उन्हें इससे खुद बड़ी उम्मीदें हैं।

शौक

4 साल की उम्र से सीखने लगी थीं डांस

सिनी के पिता का नाम सदानंद शेट्टी और माता हेमा शेट्टी हैं। उनका एक भाई भी है, जिसका नाम शिकिन शेट्टी है। सिनी के पिता शिकिन होटल्स के मालिक हैं। सिनी ने महज 4 साल की उम्र में डांस सीखना शुरू कर दिया था। 14 की उम्र में उन्होंने पहली बार मंच पर प्रस्तुति दी थी। वह एक प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर हैं। पिछले दिनों उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वह ऐश्वर्या राय के गाने पर डांस करती दिखीं।

लोकप्रियता

इंस्टाग्राम पर हैं सिनी के लाखों फॉलोअर्स

सिनी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय दिखती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 4 लाख फॉलोअर्स हैं। सिनी ने 2022 में मिस इंडिया का खिताब अपने नाम किया था। उनका मुकाबला 31 सुंदरियों से था। उन 31 प्रतिभागियों को पछाड़कर सिनी मिस इंडिया बनी थीं। मिस इंडिया बनने से पहले सिनी 'मिस टैलेंट' का पुरस्कार भी जीत चुकी हैं। सिनी की मां के मुताबिक, उनकी बेटी बहुत आध्यात्मिक और सुलझी हुई हैं। इसके अलावा उन्हें जानवरों से भी खासा लगाव है।

जानकारी

फिल्मों में काम करने को तैयार

सिनी हिंदी फिल्मों की शौकीन हैं। खासतौर से वह विक्की कौशल और शाहरुख खान की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं। विक्की की फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' उनकी पसंदीदा फिल्मों में से एक है। अगर मौका मिला तो सिनी बॉलीवुड फिल्मों में किस्मत जरूर आजमाएंगी।

आदर्श

प्रियंका चोपड़ा को मानती हैं प्रेरणा

16 की उम्र में एक नई डांस फॉर्म सीखने के लिए जब सिनी पहली बार क्लास में पहुंचीं तो उनकी टीचर ने कहा, "लो आ गई हमारी मिस इंडिया।" फिर 2022 में सिनी ने मिस इंडिया का खिताब जीता, जिस पर उनकी टीचर को बहुत गर्व हुआ। सिनी पूर्व मिस वर्ल्ड प्रियंका चोपड़ा को अपनी प्रेरणा मानती हैं। सिनी से पूरे देश उम्मीद लगाए बैठा है कि 2017 के बाद भारत को फिर मिस वर्ल्ड का खिताब मिल सकता है।