राजपाल यादव की 1 करोड़ रुपये की मदद करने वाले राव इंद्रजीत सिंह कौन हैं?
क्या है खबर?
राजपाल यादव 9 करोड़ के कर्ज और चेक बाउंस मामले के चलते खबरों में हैं। 5 फरवरी को उन्होंने दिल्ली के तिहाड़ जेल में जेल अधिकारी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। इससे पहले उन्होंने बताया था कि वह गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं जिसके बाद अभिनेता सोनू सूद, गुरमीत चौधरी, और यहां तक कि तेज प्रताप यादव उनकी मदद को आगे आए। अब संगीत निर्माता राव इंद्रजीत सिंह ने राजपाल को आर्थिक सहायता करके चर्चा बटोरी है।
परिचय
जानिए कौन हैं राव इंद्रजीत सिंह
राव इंद्रजीत पेशे से संगीत निर्माता और जेम ट्यून्स नाम के संगीत लेबल के संस्थापक हैं। HT के मुताबिक, 2006 में इस लेबल ने कई पंजाबी और हरियाणवी गानों को समर्थन दिया था। इसके पंजाबी यूट्यूब चैनल पर 30 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं, जबकि हरियाणवी चैनल पर 40 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। राव ने अपने लेबल के जरिए यूट्यूब सीरीज 'स्टोन पेपर सिजर' के साथ डिजिटल कंटेंट क्षेत्र में भी कदम रखा है।
मदद
राजपाल की 1.11 करोड़ रुपये से मदद की
राव ने राजपाल को 1.11 करोड़ रुपये दिए हैं जिसका खुलासा उन्होंने अपनी पोस्ट में किया। उन्होंने अभिनेता के निजी बैंक खाते की जानकारी साझा की और आश्वासन दिया कि अगर 14 फरवरी तक जरूरी राशि जमा नहीं हुई, तो वह खुद शेष राशि अदालत में जमा करेंगे जिससे महाशिवरात्रि तक अभिनेता रिहा हो जाएं। उन्होंने राजपाल को प्रतिभाशाली कलाकार बताते हुए पूरे भारत के लोगों से अपील की है, कि वह अभिनेता की मदद के लिए अपना-अपना योगदान दें।