मॉडल हर्षा सनी कौन हैं, जो 12 करोड़ का ड्रग्स लाते हुए एयरपोर्ट पर धरी गई?
क्या है खबर?
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आई एक महिला यात्री के पास से करीब 12 करोड़ रुपये का ड्रग्स बरामद किया गया है। सीमा शुल्क विभाग ने जब इस महिला को गिरफ्तार किया तो उसकी पहचान सामने आते ही अधिकारी भी दंग रह गए। पकड़ी गई आरोपी कोई आम महिला नहीं, बल्कि ग्लैमर जगत की एक मशहूर मॉडल हर्षा सनी है। आइए जानते हैं आखिर कौन हैं हर्षा, जिनका नाम अब इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी रैकेट से जुड़ चुका है।
कार्रवाई
मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने बड़ी कार्रवाई कर बैंकॉक से आई 29 वर्षीय मॉडल हर्षा को करोड़ों रुपये के ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। हर्षा एअर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई पहुंची थी। अधिकारियों को पहले से सूचना मिली थी कि थाईलैंड से उड़ान के जरिए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप मुंबई लाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर निगरानी बढ़ाई गई और कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पर्दाफाश
संदिग्ध हरकतों ने खोला राज
हर्षा की संदिग्ध हरकतों को देखकर जब अधिकारियों ने उसके ट्रॉली बैग की गहन तलाशी ली तो उसमें से वैक्यूम-सील्ड (हवा बंद) प्लास्टिक के 12 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर पता चला कि इन पैकेटों में 11.82 किलोग्राम 'हाइड्रोपोनिक गांजा' (प्रीमियम क्वालिटी का नशीला पदार्थ) था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11.82 करोड़ रुपये है। कस्टम अधिकारियों की पूछताछ में मॉडल हर्षा सनी ने खुद को बेकसूर बताते हुए एक कहानी सुनाई।
शिकंजा
NDPS एक्ट के तहत जेल भेजी गईं मॉडल हर्षा सनी
हर्षा ने दावा किया कि बैंकॉक में मिले एक अनजान व्यक्ति ने उसे भारत लाने के लिए बैग दिया था और उसे उसमें ड्रग्स होने की जानकारी नहीं थी। उसके वकील ने भी उसे साजिश का शिकार बताया। हालांकि, अधिकारियों ने दलील खारिज कर दी और कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स लाना गंभीर अपराध है। पुलिस को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क की आशंका है। NDPS कानून के तहत मामला दर्ज कर हर्षा को जेल भेज दिया गया है।
परिचय
हर्षा सनी हैं कौन?
हर्षा मूल रूप से केरलम की रहने वाली हैं। वो मुख्य रूप से ग्लैमर और मॉडलिंग की दुनिया से जुड़ी हुई हैं और साल 2025 में आयोजित हुई प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता 'मिसेस केरल' की फाइनलिस्ट और रनर-अप रह चुकी हैं। इस खिताब के बाद मॉडलिंग जगत में उनकी अच्छी पहचान बन गई थी। ग्लैमर की दुनिया के साथ-साथ हर्षा कॉर्पोरेट सेक्टर में भी सक्रिय थीं। वो एक नामी प्राइवेट बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर काम करती थीं।