मलयालम अभिनेत्री अंजू कृष्णा कौन हैं, जिन्हें ड्रग्स केस में किया गया गिरफ्तार?
क्या है खबर?
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से बड़ी खबर आ रही है। जानी-मानी अभिनेत्री अंजू कृष्णा को एंटी-नारकोटिक्स इंटेलिजेंस यूनिट (ANIU) ने चेन्नई से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी ड्रग्स मामले में की है, जिसमें सहायक निर्देशक विंसी निवेथा और अन्य 8 भी शामिल हैं। बताया जाता है कि पुलिस ने 5 फरवरी को वलसरवक्कम इलाके में छापेमारी की थी जिसके बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। उनके पास से मेथामफेटामाइन और गांजा जैसे प्रतिबंधित ड्रग्स भी बरामद हुए।
जांच
खूफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू की जांच
पुलिस के मुताबिक, ANIU को विशिष्ट खूफिया जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू की गई। इंस्पेक्टर जॉनी चेल्लाप्पा ने सबसे पहले नेसापक्कम से 33 वर्षीय विग्नेशवरन को पकड़ा और पूछताछ की। आरोपी ने कथित ताैर पर बताया कि वह पोरूर के पास कोवूर निवासी वेंकटेश कुमार से ड्रग्स खरीदता था। इस आधार पर पुलिस ने आगे की जांच शुरू की, और वेंकटेश समेत अन्य साथियों कार्तिक राजा, यशवंत, श्रीराम, अल्विबिनशा, निर्देशक विंसी और अभिनेत्र अंजू को गिरफ्तार कर लिया।
परिचय
जानिए कौन हैं अभिनेत्री अंजू कृष्णा
31 वर्षीय अभिनेत्री अंजू, मलयालम और तमिल सिनेमा की जानी-मानी अदाकारा हैं। IMDb की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें 'आकाशम कदन्न' और 'आरो' जैसी कई फिल्मों में देखा जा चुका है। हालांकि, उन्हें असली पहचान फिल्म 'ओम वेल्लीमलाई' से मिली थी जो 2023 में रिलीज हुई। इस फिल्म का निर्देशन ओम विजय ने किया था। अंजू सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और इंस्टाग्राम पर उनके 24 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।