'किंग' के बाद 'वेलकम टू द जंगल' का दुबई दौरा रद्द, निर्माताओं ने लिया ये फैसला
क्या है खबर?
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का असर भारतीय सिनेमा पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। एक दिन पहले, शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का दुबई दौरा रद्द किया गया था। अब खबर है कि अक्षय कुमार की आगामी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के साथ भी ऐसा होने जा रहा है। दरअसल, निर्देशक अहमद खान फिल्म के एक गाने की शूटिंग के लिए दुबई जाने वाले थे, लेकिन अब उन्होंने इस योजना को बदल दिया है।
फैसला
मुंबई में शूटिंग करने का लिया गया फैसला
मिड-डे के मुताबिक, 'वेलकम टू द जंगल' के एक गाने की शूटिंग दुबई में होनी थी, लेकिन अब इसे मुंबई में शूट किया जा रहा है। इसके लिए भव्य सेट निर्मित किया गया है। बताया जाता है कि गाने की शूटिंग टालना नामुमकिन था, क्योंकि इसमें पूरी स्टारकास्ट, यानी अक्षय, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, रवीना टंडन, परेश रावल, लारा दत्ता, दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडीज समेत अन्य सितारे शामिल हैं। सभी की एक साथ दोबारा शूटिंग तारीखें मिलना मुश्किल होतीं।
विकल्प
निर्माताओं ने खोज निकाला दूसरा विकल्प
सूत्र ने बताया कि गाने की शूटिंग के लिए मुंबई का विकल्प चुना गया है। इसके लिए माढ द्वीप, गोल्डन टोबैको स्टूडियो और गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में भव्य सेट तैयार किए जाएंगे। शूटिंग 15 अप्रैल से शुरू कर दी जाएगी। उधर निर्देशक ने भी पुष्टि करते हुए कहा, "अब हम गाने की शूटिंग मुंबई में करेंगे। यह एक ग्लैमरस गाना है जिसमें पूरी कास्ट शामिल होगी।" बता दें, 'वेलकम टू द जंगल' इसी साल रिलीज हो सकती है।