'वेलकम टू द जंगल' पर 5वें दिन हुई नोटों की बारिश, इन फिल्मों का तोड़ा रिकॉर्ड
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की दहाड़ बॉक्स ऑफिस पर जारी है। फिल्म ने विश्व स्तर पर 120 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। जल्द घरेलू स्तर पर यह कमाल दिखाएगी। दिलचस्प बात यह है कि चौथे दिन की कमाई के मुकाबले अक्षय की फिल्म ने 5वें दिन बढ़त हासिल की है। सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ रही है और निर्माताओं की जेब भारी होती जा रही है। चलिए डालते हैं कलेक्शन पर नजर।
कलेक्शन
'वेलकम टू द जंगल' पर मेहरबान हुआ बॉक्स ऑफिस
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 5वें दिन 9.25 करोड़ रुपये कमाए हैं, जो चौथे दिन हुई कमाई (8.50 करोड़) के मुकाबले ज्यादा है। सिनेमाघरों में सबसे ज्यादा ऑक्यूपेंसी रात के शो में दर्ज की गई है, जो 44.54 प्रतिशित है। शाम के शो में 31.54 प्रतिशत, दोपहर के शो में 27 प्रतिशित और सुबह के शो में 13.15 प्रतिशित ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इस तरह, 5 दिनों में फिल्म ने कुल 81.50 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
रिकॉर्ड
इन फिल्मों को धूल चटा चुकी अक्षय की फिल्म
'वेलकम टू द जंगल' ने अक्षय की पिछली रिलीज फिल्म 'भूत बंगला' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने 5 दिन में लगभग 72 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके अलावा, 'राजा शिवाजी' (5 दिनों में 44.40 करोड़), 'कॉकटेल 2' (5 दिनों में 61 करोड़) और 'पति पत्नी और वो दो' (5 दिनों में 24.25 करोड़) भी पीछे रह गई हैं। फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है। इसमें सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी और जैकी श्रॉफ समेत कई सितारे हैं।