'वेलकम टू द जंगल' का एडवांस बुकिंग में कैसा हाल? पहले दिन कमा सकती है इतने करोड़
क्या है खबर?
'भूत बंगला' की सफलता के बाद, अक्षय कुमार अगली फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के साथ लौट रहे हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी यह 'वेलकम' फ्रैंचाइजी की तीसरी कड़ी है, जिसकी रिलीज में अब सिर्फ कुछ घंटे बाकी रह गए हैं। हाल ही में, निर्माताओं ने इसकी एडवांस बुकिंग शुरू की थी, जिसके आधार पर फिल्म समीक्षकों ने ओपनिंग डे कलेक्शन को लेकर भविष्यवाणी करनी शुरू कर दी है। आइए डालते हैं इसकी एडवांस बुकिंग पर एक नजर।
बिक्री
'वेलकम टू द जंगल' की एडवांस बुकिंग में ठीक-ठाक शुरुआत
'वेलकम टू द जंगल' ने अपनी एडवांस बुकिंग में धीमी शुरुआत की है। सैकनिल्क के मुताबिक, शाम 5 बजे तक इसने देशभर के सिनेमाघरों में 8,523 शो के लिए 58,351 टिकटों की बिक्री की है। इससे अग्रिम ग्रॉस कमाई 1.38 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं ब्लॉक सीटों के साथ फिल्म ने रिलीज से पहले 3.85 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। 2 दिनों के हिसाब से हुई ये बुकिंग उम्मीद से धीमी है, इसलिए नजरें ऑन-द-स्पॉट बुकिंग पर रहेंगी।
उम्मीद
एक दिन पहले शुरू होंगे प्रीव्यू शो
फिल्म के पेड प्रिव्यू शो 25 जून की शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे। 'भूत बंगला' ने पेड प्रीव्यू में 3.75 करोड़ रुपये कमाए थे, इसलिए देखना होगा कि क्या 'वेलकम टू द जंगल' इस आंकड़ें को पार कर पाएगी। विश्लेषकों की मानें, तो यह पहले दिन 15 से 20 करोड़ के बीच कमा सकती है। फिल्म में सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, राजपाल यादव और जैकलीन फर्नांडिस जैसे कई सितारे हैं। यह 26 जून को रिलीज हो रही है।