वहीदा रहमान बनेंगी गांधी जी की मां पुतलीबाई, 'बापू' की जिंदगी के 21 दिनों पर आ रही फिल्म
मनोरंजन
बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा वहीदा रहमान एक बार फिर फिल्मों में अपनी धाक जमाने आ रही हैं। वो सुधीर मिश्रा की नई फिल्म में महात्मा गांधी की मां पुतलीबाई का किरदार निभाएंगी। फिल्म में मनोज बाजपेयी गांधी जी की भूमिका में हैं। ये फिल्म गांधी जी की जिंदगी के उन 21 दिनों की कहानी पर आधारित होगी, जिसके बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी है।
सुधीर मिश्रा और अनुभव सिन्हा ने जताई खुशी
निर्देशक सुधीर मिश्रा ने बताया कि वहीदा रहमान की पुरानी फिल्मों का उन पर गहरा असर रहा है। उनके साथ काम करने का मौका मिलने से वो बेहद उत्साहित हैं। फिल्म के निर्माता अनुभव सिन्हा ने भी वहीदा की फिल्मों में वापसी को अपने लिए बड़ा सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि सुधीर मिश्रा और फिल्म की दमदार कहानी ने वहीदा जी को इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए राजी किया। बता दें कि फिलहाल इस फिल्म का नाम तय नहीं हुआ है।