'ऑपरेशन सिंदूर' के लिए वरुण धवन पर विवेक अग्निहोत्री की नजर? बातचीत का दौर जारी
क्या है खबर?
'द कश्मीर फाइल्स' बना चुके दिग्गज फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री अपनी अगली परियोजना को लेकर चर्चा में हैं। पिछले महीने उन्होंने टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार के साथ मिलकर 'ऑपरेशन सिंदूर' पर फिल्म बनाने का आधिकारिक ऐलान किया था। इसके बाद से फैंस न सिर्फ उत्साहित हैं, बल्कि परियोजना से जुड़े अपडेट जानने के लिए उत्सुक भी हैं। ताजा अपडेट है कि अग्निहोत्री और कुमार ने 'बॉर्डर 2' अभिनेता वरुण धवन को लेने का विचार बनाया है।
बातचीत
वरुण धवन के साथ अग्निहोत्री की बातचीत जारी
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में सूत्र ने बताया, "वरुण को 'ऑपरेशन सिंदूर' का प्रस्ताव दिया गया है और अभिनेता ने मुख्य भूमिका निभाने में दिलचस्पी दिखाई है। भूषण कुमार और विवेक अग्निहोत्री फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए वरुण के पास गए थे और अभिनेता ने विषय में शुरुआती दिलचस्पी दिखाई। उम्मीद है कि वह जल्द ही पूरी कहानी सुनेंगे और फिर इस पर फैसला लेंगे।" इस अपडेट ने बेशक वरुण के फैंस को उत्साहित होने का मौका दिया है।
ब्रेक
वरुण धवन ने काम से लिया था ब्रेक
पिछले दिनों मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि 'बॉर्डर 2' के बाद, वरुण ने कुछ समय के लिए काम से ब्रेक लेने का फैसला किया है, जिससे वह अपनी बेटी लारा के साथ समय बिता सकें। अब वह पूरी तरह से तैयार होकर फिल्में साइन करने और काम पर लौटने के लिए तैयार हैं। उन्हें फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' में देखा जाएगा, जिसमें पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर भी हैं। यह 22 मई को रिलीज होगी।