Page Loader
'इंडियन आइडल 12' में फिलहाल नहीं होगी विशाल ददलानी की वापसी, जानिए कारण

'इंडियन आइडल 12' में फिलहाल नहीं होगी विशाल ददलानी की वापसी, जानिए कारण

Jun 02, 2021
09:56 am

क्या है खबर?

सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 12' में पिछले काफी समय से विशाल ददलानी नजर नहीं आ रहे हैं। आने वाले दिनों में भी विशाल जज की कुर्सी पर बैठे नजर नहीं आएंगे। जब महाराष्ट्र में लॉकडाउन लगा तो 'इंडियन आइडल 12' की शूटिंग दमन में होने लगी, लेकिन विशाल ने दमन जाने से मना कर दिया। खबर है कि उनका अभी शो में वापसी करने का इरादा नहीं है। आइए जानते हैं इस बारे में और क्या जानकारी मिली है।

जानकारी

लॉकडाउन खुलने का इंतजार कर रहे विशाल

विशाल ददलानी ने ईटाइम्स से बातचीत में साफ कहा है कि जब तक लॉकडाउन खत्म नहीं होता, वह शो के सेट पर वापसी नहीं करेंगे। इससे पहले शो के होस्ट आदित्य नारायण ने विशाल ददलानी के शो में वापसी न करने को लेकर बताया था कि उन्होंने पिछले साल ही लोनावला में घर शिफ्ट किया है और पेरेंट्स के साथ रहते हैं। विशाल नहीं चाहते कि लोनावला से ड्राइव करके दमन जाएं और फिर वापस घर आएं।

कारण

विशाल ने पहले सोशल मीडिया पर बताई थी दमन ना जाने की वजह

शो से अचानक गायब हो जाने के बाद जब फैंस को विशाल की चिंता सताने लगी थी, तब सिंगर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया था। विशाल ने एक फोटो शेयर की थी, जिसमें वह अपनी बॉडी दिखा रहे थे। उन्होंने बताया था कि वह अपने माता-पिता के साथ रहते हैं। ऐसे में कहीं और जाकर शूटिंग कर घर वापस आना उनके माता-पिता के लिए रिस्की हो सकता है, इसलिए वह शूटिंग के लिए दमन नहीं गए।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए विशाल का पोस्ट

विवाद

पिछले कुछ दिनों से विवादों में हैं 'इंडियन आइडल'

जब से 'इंडियन आइडल 12' में किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने शिरकत की, यह विवादों में है। उन्होंने इसकी खूब आलोचना की थी। शो के पहले सीजन के विजेता अभिजीत सावंत ने भी 'इंडियन आइडल' को लेकर कहा था कि यहां प्रतिभा से ज्यादा कहानियों पर फोकस किया जाता है। पिछले दिनों सुनिधि चौहान ने कहा कि उन्होंने शो को जज करना इसलिए छोडा़ क्योंकि वह निर्माताओं के कहने पर किसी प्रतियोगी की तारीफ नहीं कर सकती थी।

लोकप्रियता

बॉलीवुड में हिट है विशाल-शेखर की जोड़ी

विशाल ददलानी एक भारतीय पार्श्व गायक, संगीत निर्देशक और संगीतकार हैं। विशाल इंडस्ट्री में विशाल-शेखर की जोड़ी से जाने जाते हैं। विशाल ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 'प्यार में कभी कभी' गाने से की थी, लेकिन उन्हें पहचान फिल्म 'झंकार बीट्स' से मिली। इस फिल्म में उनकी गायकी ने उन्हें न्यू टैलेंट हंट आरडी बर्मन का पुरस्कार भी दिलाया। इसके बाद उनके करियर की गाड़ी चल पड़ी। विशाल ददलानी और शेखर ने कई सुपरहिट फिल्मों को संगीत दिया।