'ओ रोमियाे' के आलोचकों को विशाल भारद्वाज की खरी-खरी, बोले- मुझे रत्ती भर भी शर्मिंदगी नहीं
क्या है खबर?
मशहूर निर्देशक विशाल भारद्वाज अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं और इस बार उनके निशाने पर उनकी फिल्म 'ओ रोमियो' के आलोचक हैं। फिल्म की रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया और गलियारों में हो रही आलोचनाओं पर चुप्पी तोड़ते हुए विशाल ने विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। विशाल ने साफ किया कि रचनात्मक प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवाल बेबुनियाद हैं। इसी के साथ उन्होंने खुले दिल से आमिर खान का भी आभार जताया है।
सफलता
विशाल ने 'ओ रोमियो' को बताया अपने करियर की सबसे सफल फिल्म
विशाल PTI से बोले, "उन बेचारे आलोचकों के लिए, जिन्होंने नकारात्मक बातें की हैं, मुझे ये कहना ही होगा, भले ही इससे उनका दिल टूट जाए कि उन्हें यह फिल्म पसंद आई हो या नहीं, लेकिन ये मेरे जीवन की सबसे सफल फिल्म साबित होने वाली है। मुझे किसी भी बात पर रत्ती भर भी शर्मिंदगी नहीं। मैंने इस फिल्म में हिंसा और प्रेम की जो कहानी रची है, उस पर मुझे बहुत गर्व है और मैं बेहद खुश हूं।"
आभार
विशाल ने आमिर खान का जताया दिल से आभार
उधर बॉलीवुड हंगामा से बातचीत के दौरान विशाल ने खुलासा किया है कि उन्होंने 'ओ रोमियो' के ओपनिंग क्रेडिट्स में आमिर खान को शुक्रिया क्यों कहा। विशाल ने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही आमिर खान ने फिल्म की स्क्रिप्ट सुनने की इच्छा जताई थी। आमिर ने स्क्रिप्ट सुनने के बाद एक बहुत ही महत्वपूर्ण रचनात्मक सुझाव दिया, जिसने पूरी फिल्म की कहानी को एक नया मोड़ दे दिया, इसलिए उन्होंने आमिर का विशेष धन्यवाद दिया।
कहानी
'ओ रोमियो' में माफिया की खौफनाक दुनिया
फिल्म 'ओ रोमियो' मशहूर खोजी पत्रकार हुसैन जैदी की चर्चित किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' के पन्नों से प्रेरित है। विशाल भारद्वाज ने हमेशा की तरह हकीकत और कल्पना का एक ऐसा मिश्रण तैयार किया है, जो अपराध जगत की एक अलग ही तस्वीर पेश करता है। फिल्म में शाहिद कपूर 'उस्तारा' नाम के एक खूंखार और बेरहम गैंगस्टर की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की जान 'अफशा कुरैशी' (उर्फ रानी शर्मा) का किरदार तृप्ति डिमरी ने निभाया है।
कमाई
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ की ओर 'ओ रोमियो'
ये फिल्म सिनेमाघरों में एक हफ्ता पूरा करने जा रही है। इससे पहले ही इसने भारत में 40 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। 'ओ रोमियो' ने 8.50 करोड़ से ओपनिंग की थी। दूसरे दिन फिल्म ने 12.65 करोड़, तीसरे दिन 9 करोड़, चौथे दिन 4.85 करोड़ और 5वें दिन 5.25 करोड़ और छठे दिन 3.5 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसी के साथ 'ओ रोमियो' की 6 दिनों की कुल कमाई अब 43.85 करोड़ रुपये हो गई है।