वीर दास के नाम दर्ज ये ऐतिहासिक उपलब्धियां, इस तरह वैश्विक मंच पर चमकी भारतीय कॉमेडी
क्या है खबर?
इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2026 में लगातार तीसरी बार नामांकित होकर वीर दास ने भारतीय मनोरंजन उद्योग में नया इतिहास रच दिया है। हालांकि, वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन करने वाले इस कॉमेडियन की सफलता सिर्फ एमी तक सीमित नहीं है। अपनी धारदार कॉमेडी और अनोखी सोच के दम पर वीर दास ने ऐसे कई बड़े रिकॉर्ड और मील के पत्थर हासिल किए हैं, जो इससे पहले कोई भी भारतीय स्टैंड-अप आर्टिस्ट नहीं कर पाया था।
#1
फिल्मी पर्दे से नेटफ्लिक्स के वैश्विक मंच तक
'देली बेली', 'गो गोवा गॉन', 'शादी के साइड इफेक्ट्स' और 'बदमाश कंपनी' जैसी लोकप्रिय फिल्मों में काम कर चुके वीर दास ने नेटफ्लिक्स के साथ इतिहास रचा है।
वो नेटफ्लिक्स के लिए कॉमेडी स्पेशल साइन करने वाले पहले भारतीय बने थे। उनका पहला स्पेशल 'अब्रॉड अंडरस्टैंडिंग' न्यू यॉर्क और नई दिल्ली में शूट हुआ, जो 100 से अधिक देशों में स्ट्रीम होकर बेहद सफल रहा। इसके बाद उनके पिछले स्पेशल 'लूजिंग इट' को भी वैश्विक स्तर पर जबरदस्त सराहना मिली।
#2
वीर दास के नाम दर्ज देश का सबसे बड़ा वर्ल्ड टूर
वीर दास ने साल 2017 में ऐतिहासिक 'द बोर्डिंग दास' वर्ल्ड टूर के जरिए एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया था।
वो 32 देशों और 6 महाद्वीपों में अपना कॉमेडी शो प्रस्तुत करने वाले पहले भारतीय स्टैंड-अप कॉमेडियन बने थे। ये किसी भी भारतीय कॉमेडियन द्वारा किया गया अब तक का सबसे बड़ा और पहला विश्व दौरा था।
इस सफल टूर ने भारतीय स्टैंड-अप कॉमेडी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान और वैश्विक मंच प्रदान किया।
#3
प्रियंका चोपड़ा के बाद CAA से जुड़ने वाले दूसरे भारतीय
साल 2016 की शुरुआत में वीर दास ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की, जब उन्हें लॉस एंजिल्स की दिग्गज टैलेंट एजेंसी CAA ने साइन किया।
वो इस प्रतिष्ठित वैश्विक एजेंसी से जुड़ने वाले पहले भारतीय कॉमेडियन और प्रियंका चोपड़ा के बाद दूसरे भारतीय बने।
इसके तुरंत बाद वीर दास, केविन हार्ट और एमी शूमर जैसे दिग्गज स्टैंड-अप कॉमेडियन और कलाकारों का प्रबंधन करने वाली कंपनी लेविटी के साथ जुड़ने वाले पहले भारतीय कॉमेडियन भी बने।
#4
अमेरिका के नॉक्स कॉलेज से मिला मानद डॉक्टरेट
वीर दास को साल 2025 में अमेरिका की अपनी पूर्व यूनिवर्सिटी, नॉक्स कॉलेज (इलिनॉय) द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया था।
इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि पाने वाले वो बेहद गिने-चुने भारतीय कलाकारों में से एक बन गए। उन्होंने इसी कॉलेज से अपनी बैचलर डिग्री पूरी की थी।
ये सम्मान न केवल वीर की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारतीय कला और स्टैंड-अप कॉमेडी के बढ़ते प्रभाव और सम्मान को भी दर्शाता है।
#5
'वैराइटी मैगजीन' की प्रतिष्ठित सूची में जगह और एमी का नया कीर्तिमान
साल 2017 में प्रतिष्ठित पत्रिका 'वैराइटी मैगजीन' ने वीर दास को दुनिया के 'टॉप 10 कॉमेडियंस टू वॉच' की सूची में शामिल किया था। ये सूची हर साल वैश्विक स्तर पर सबसे होनहार और प्रतिभाशाली कॉमेडियंस को चुनकर तैयार की जाती है। वीर दास ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय स्टैंड-अप कॉमेडियन बने थे।
अपनी इसी वैश्विक पहचान को आगे बढ़ाते हुए अब वो एमी अवॉर्ड्स में तीसरी बार नामांकित होने वाले पहले भारतीय कलाकार बन गए हैं।