मालदीव विवाद पर वीर दास ने पकड़ी अलग राह, उड़ाई बॉलीवुड सितारों की खिल्ली
मालदीव छुट्टियां बिताने के लिए सितारों की पसंदीदा जगह बन गई है। बड़े-बड़े सितारे छुट्टियों का आनंद लेने के लिए मालदीव जाते हैं, लेकिन मालदीव के मंत्रियों ने लक्षद्वीप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निंदा की है, जिसके चलते दोनों देशो के बीच तनाव बढ़ गया है। कई सेलेब्स लक्षद्वीप के समर्थन में आए हैं। इस बीच अभिनेता और एमी पुरस्कार विजेता वीर दास ने भी मालदीव के खिलाफ सितारों द्वारा दी जा रही प्रतिक्रिया का मजाक उड़ाया है।
दास को नहीं भाया सितारों का समर्थन
दास ने उन भारतीय लोगों और सेलेब्स के बारे में बात की, जिन्होंने मालदीव छुट्टियों की तस्वीरों पर कई हफ्तों तक काम किया, लेकिन उन्हें साझा करने से डर रहे हैं। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा, "सबसे पहले मैं खुश हूं कि लक्षद्वीप को थोड़ा प्यार मिल रहा है! दूसरी ओर मालदीव में कहीं, इस समय कोई भारतीय सेलिब्रिटी, जिसने दो सप्ताह तक कार्ब्स नहीं खाया, सबसे अच्छी छुट्टियों की तस्वीरें लीं और उन्हें पोस्ट करने से डर रहा है।"
यहां देखें पोस्ट:
सोशल मीडिया यूजर्स ने भी उड़ाया सितारों का मजाक
वीर के ट्वीट पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी प्रतिक्रिया दी है और सितारों का मजाक उड़ाया। कुछ ने तो अब सितारों द्वारा दिए जा रहे उपदेशों पर अपना गुस्सा भी जाहिर किया। एक एक्स यूजर ने लिखा, 'कुछ लोग मालदीव की अपनी पिछली तस्वीरें भी हटा रहे हैं।' एक अन्य ने ट्वीट किया, 'एक कलाकार ने पिछले हफ्ते ही तस्वीरें डाली हैं और अब दूसरों को दूर रहने का उपदेश दे रहा है।"
लक्षदीप के समर्थन में उतरे ये सितारे
मालदीव की मंत्रियों द्वारा भारत और मोदी की भारतीय द्वीपों की यात्रा का मजाक उड़ाने के तुरंत बाद सेलेब्स भारतीय पर्यटन को बढ़ावा देने के चलन में शामिल हो गए हैं। बॉलीवुड कलाकार अब प्रशंसकों से मालदीव में छुट्टियां बिताने की योजना बनाने के बजाय लक्षद्वीप जैसे भारतीय द्वीपों को घूमने की सलाह दे रहे हैं। इनमें अक्षय कुमार, सलमान खान, जॉन अब्राहम, श्रद्धा कपूर और कई अन्य सितारे शामिल हैं।
मोदी ने फैलाई जागरुकता
मोदी ने लोगों को इस बात पर ध्यान देने को कहा था कि लक्षद्वीप समूह कितना प्राचीन है। दरअसल, प्रधानमंत्री ने हाल ही में लक्षद्वीप की यात्रा की थी और वहां समुद्र तट पर आराम करते हुए अपनी कई तस्वीरें पोस्ट की थीं। उन्हाेंने वहां के आतिथ्य और सुंदरता की सराहना भी की थी। बता दें, इसके बाद मालदीव के मंत्रियों ने प्रधानमंत्री के पोस्ट पर आपत्तिजनक/ नस्लीय टिप्पणी की थीं। उन तीनों मंत्रियों को निलंबित कर दिया गया है।