'पायर' को पिथौरागढ़ में शो न मिलने पर छलका विनोद कापड़ी का दर्द, जिस मिट्टी की कहानी; वहीं नहीं मिली जगह
निर्देशक विनोद कापड़ी इस बात से निराश हैं कि उनकी फिल्म 'पायर' को पिथौरागढ़ और नैनीताल में एक भी शो नहीं मिला है, वहीं 13 नवंबर से देशभर में फिल्म के 200 से ज्यादा नए शो जोड़े गए हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपनी नाराजगी जाहिर की। कापड़ी ने बताया कि पिथौरागढ़ में फिल्म का शो न होना उन्हें ज्यादा दुखी कर रहा है, क्योंकि यह न सिर्फ उनकी फिल्म की कहानी से जुड़ा है, बल्कि उनके परिवार की जड़ें भी इसी जगह से जुड़ी हैं।
'पायर' 11 दिसंबर को अमेरिका और ब्रिटेन में होगी रिलीज
हालांकि, 'पायर' पिथौरागढ़ और नैनीताल के सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो सकी, लेकिन देश के दूसरे हिस्सों में इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए फिल्म के शो बढ़ा दिए गए हैं। 30 अक्टूबर को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सिनेपोलिस और PVR जैसे बड़े सिनेमाघरों का भी इसे पूरा सहयोग मिल रहा है। अब यह फिल्म 11 दिसंबर को अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों में रिलीज होगी।