थलापति विजय और तृषा के लिए विक्रम भट्ट बोले- उन्हें जीने और प्यार करने का हक
क्या है खबर?
थलापति विजय अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चाओं में घिरे हुए हैं। पत्नी संगीता सोरनालिंगम द्वारा तलाक मांगने के बाद से उनका नाम अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ जोड़ा जा रहा है। हाल ही में, एक शादी समारोह के दौरान दोनों साथ पहुंचे जिससे इन अफवाहों ने और जोर पकड़ लिया। इस बीच, फिल्ममेकर विक्रम भट्ट ने विजय और तृषा के कथित रिश्ते पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दोनों को जिंदगी जीने और प्यार करने का हक है।
प्रतिक्रिया
विक्रम भट्ट ने विजय और तृषा का समर्थन किया
विक्रम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'विजय और तृषा की निजी जिंदगी में बहुत शाेर मचा है। मुझे नहीं पता कि ऑनलाइन अफवाह सच है या नहीं, लेकिन अगर सच है, तो मैं कुछ कहना चाहता हूं।' उन्होंने आगे लिखा, 'जब 2 लोग एक ऐसे रिश्ते में फंसे रहते हैं जो अपना समय पूरा कर चुका है, लेकिन समाज इस बात पर जोर देता है कि रिश्ता जारी रखना चाहिए; तो वह भी एक जेल है।'
तारीफ
'प्रेम को इस तरह न छिपाने में गरिमा है'
फिल्ममेकर ने लिखा, 'मुझे विजय और तृषा में कुछ प्रशंसनीय लगता है। किसी चीज के अस्तित्व को नकारने में गरिमा है। प्यार को इस तरह न छिपाने में गरिमा है मानो वह कोई पाप हो।' बता दें, विजय की पत्नी संगीता ने चेन्नई की फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी है। उन्होंने अभिनेता पर एक अभिनेत्री के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों पर विजय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।