LOADING...
आलिया की ट्रोलिंग पर विक्रम भट्ट बोले- 1 लाख रुपये में बिकते हैं 1,000 खराब कमेंट्स
आलिया भट्ट की ट्रोलिंग से दुखी विक्रम भट्ट

आलिया की ट्रोलिंग पर विक्रम भट्ट बोले- 1 लाख रुपये में बिकते हैं 1,000 खराब कमेंट्स

Jun 18, 2026
07:23 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड की पहली महिला स्पाई यूनिवर्स फिल्म 'अल्फा' के ट्रेलर को लेकर सोशल मीडिया पर काफी मिला-जुला प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसके बाद से फिल्म की लीड हीरोइन आलिया भट्ट को लगातार ट्रोल किया जा रहा है। अब इस पूरे विवाद पर मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक विक्रम भट्ट आलिया के बचाव में उतर आए हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने ट्रोलर्स को आड़े हाथों लेते हुए फिल्म इंडस्ट्री में चल रहे पेड PR के खेल पर बड़ा खुलासा किया।

हमदर्दी

बिना बात बेचारी को ट्रोल कर रहे- विक्रम

भट्ट परिवार से बेहद करीबी रिश्ता साझा करने वाले विक्रम ने माना कि आलिया को काफी नफरत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने न्यूज 18 से कहा, "उसे किस बात के लिए ट्रोल किया जा रहा है? मुझे तो समझ ही नहीं आ रहा कि वे उसे ट्रोल क्यों कर रहे हैं। बेचारी। वे बस उसके पीछे पड़े हुए हैं।" विक्रम के मुताबिक, 'अल्फा' के टीजर और उसमें आलिया की एक्टिंग को लेकर हो रही आलोचना सही नहीं है।

दो टूक

'अल्फा ही नहीं, मेरी फिल्म पर भी हुई पेड ट्रोलिंग"

विक्रम भट्ट ने कहा, "मेरा मानना है कि 'अल्फा' के टीजर को बहुत बुरी तरह ट्रोल किया गया। मुझे तो ये बिल्कुल ठीक लगा, इसमें कोई कमी नहीं। अगर आप इसे नहीं देखना चाहते तो मत देखिए। फिल्म भी मत देखिए, लेकिन आप लोगों पर व्यक्तिगत हमले क्यों कर रहे? ये मेरी समझ से बाहर है।" विक्रम के मुताबिक, उनकी हालिया फिल्म 'हॉन्टेड 3D' के ट्रेलर को भी इसी तरह पैसे देकर कराई गई ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ा था।

Advertisement

खुलासा

"पैसे देकर हमारी फिल्म के खिलाफ चलाया गया था अभियान"

विक्रम ने बताया, "आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स के यूट्यूब चैनल पर हमारे टीजर को लेकर बहुत सारे बुरे कमेंट्स आ रहे थे, लेकिन सारेगामा के यूट्यूब चैनल या इंस्टाग्राम पर ऐसा नहीं था। तब हमें पता चला कि ये एक पैसे देकर चलाया गया अभियान था और बुरी बातें लिखने वाले असल में फर्जी अकाउंट्स थे, इसलिए हमें इस समस्या को ठीक करना पड़ा। हमें पता है कौन सा कमेंट असली है और कौन सा नकली।"

Advertisement

दावा

निर्देशक बोले- सिर्फ 1 लाख रुपये में करवाए जाते हैं 1,000 बुरे कमेंट्स

निर्देशक आगे बोले, "हमें दर्शकों को ये बताने की जरूरत है कि वे जो भी बुरा कमेंट पढ़ते हैं, वो किसी बॉट, किसी कंप्यूटर या किसी अनजान शख्स द्वारा तैयार किया गया हो सकता है। सिर्फ 1 लाख रुपये में एक हजार कमेंट करवाए जा सकते हैं। मुझे नहीं पता कि यह पैसा कौन दे रहा है, लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि हर किसी के दुश्मन होते हैं। जाहिर है, कोई ऐसा जरूर है जो आपका भला नहीं चाहता।"

जानकारी

कान्स में भी जानबूझकर निशाना बनी थीं आलिया?

पिछले दिनों मशहूर फिल्म समीक्षक अनुपमा चोपड़ा ने भी अभिनेता शाहिद कपूर संग एक बातचीत के दौरान बताया था कि कान्स फिल्म फेस्टिवल के दौरान आलिया को जानबूझकर निशाना बनाया गया था। वो सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर 'पेड ट्रोलिंग' का शिकार हुई थीं।

Advertisement