विजय सेतुपति का बड़ा ऐलान, ‘महाराजा’ का सीक्वल पक्का; बोले- हॉलीवुड में मुफ्त में करूंगा काम
अभिनेता विजय सेतुपति ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘महाराजा’ के सीक्वल का ऐलान कर फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है। साल 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म में एक पिता अपनी अजीब शिकायत को लेकर पुलिस के पास पहुंचता है, जिसके बाद कहानी कई चौंकाने वाले मोड़ लेती है। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 199.20 करोड़ रुपये की कमाई की थी। नेटफ्लिक्स पर रिलीज के बाद भी इसे काफी लोकप्रियता मिली। चीन में भी फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली, जिससे इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खूब प्रसिद्धि मिली।
सेतुपति 'महाराजा' के हॉलीवुड रीमेक में काम करने को भी तैयार
विजय सेतुपति ने बताया कि ‘महाराजा’ का सीक्वल बन रहा है और वो इसके संभावित हॉलीवुड रीमेक में भी काम करना चाहते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर रीमेक बनता है तो वो उसमें मुफ्त में भी काम करने को तैयार हैं। विजय ने कहा कि उनकी फिल्म का हॉलीवुड तक पहुंचना उनके लिए खुशी की बात है और इसका श्रेय निर्देशक नितिलन स्वामीनाथन को जाता है। हालांकि, हॉलीवुड रीमेक के कलाकार अभी फाइनल नहीं हुए हैं।