कावेरी जल विवाद की आंच में सुलगी विजय की 'जन नायकन', कर्नाटक में रोके गए शो
क्या है खबर?
कावेरी जल विवाद में कर्नाटक को मिले झटके के बाद उपजे भारी तनाव को देखते हुए अभिनेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय की फिल्म 'जन नायकन' की पूरे राज्य में स्क्रीनिंग रोक दी गई है। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु के संपिगे थिएटर ने आज के अपने सभी शो रद्द कर दिए और थिएटर स्टाफ ने अभिनेता से नेता बने विजय के पोस्टर भी हटा दिए हैं। आइए जानें क्या है पूरा विवाद।
विवाद
सिनेमाघरों से हटाए गए विजय के पोस्टर
कावेरी जल विवाद के बीच कर्नाटक में अभिनेता विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की स्क्रीनिंग रोक दी गई है।
किसी भी अनहोनी या अप्रिय घटना से बचने के लिए कई सिनेमाघरों से पोस्टर हटाए जा रहे हैं। सिनेमाघरों के कर्मचारियों ने अभिनेता से नेता बने विजय के पोस्टर हटा दिए हैं, वहीं कुछ जगहों पर पोस्टरों को ढक दिया गया है ताकि कोई विवाद न हो।
शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।
विरोध
तमिलनाडु को पानी छोड़ने के निर्देश पर भड़का विरोध
कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (CWMA) द्वारा तमिलनाडु को पानी छोड़ने के निर्देश के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। इसके चलते एहतियात के तौर पर सिनेमाघरों ने शो रद्द कर दिए, वहीं मांड्या के कुछ थिएटर्स में कन्नड़ समर्थक संगठनों ने भारी हंगामा भी किया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्रीरामपुरा पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और तमिल भाषी आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
हंगामा
मांड्या में फाड़े गए 'जन नायकन' के बैनर
कावेरी जल विवाद को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज होने पर कर्नाटक के मांड्या में कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने 'जन नायकन' के प्रोमोशनल बैनर और पोस्टरों को नीचे उतार दिया।
ये उग्र प्रदर्शन तब शुरू हुआ, जब कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (CWMA) ने कावेरी जल नियमन समिति (CWRC) की उस सिफारिश को बरकरार रखा, जिसमें कर्नाटक को अगले 15 दिनों के लिए तमिलनाडु को रोजाना 3,500 क्यूसेक पानी छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
तकरार
कर्नाटक करेगा अपील, तमिलनाडु जाएगा सुप्रीम कोर्ट
कावेरी प्राधिकरण के आदेश का किसान और कन्नड़ संगठनों ने कड़ा विरोध किया है। उनका तर्क है कि कर्नाटक खुद जल संकट झेल रहा है, पानी छोड़ने से स्थानीय किसानों पर बुरा असर पड़ेगा।
उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने इस फैसले के खिलाफ अपील करने की घोषणा की है।
जवाब में तमिलनाडु के कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने कहा कि वाे अपने हक के पानी पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
चिंता
कमाई पर मंडराया संकट, फिल्म चैंबर ने बुलाई बैठक
इस बीच शो रद्द होने से हुए नुकसान पर चर्चा के लिए कर्नाटक फिल्म चैंबर ने बैठक बुलाई है।
एच विनोथ के निर्देशन में बनी इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा ने दुनियाभर में 260 करोड़ से अधिक की कमाई की है, जिसमें तमिलनाडु और बेंगलुरु का मुख्य योगदान रहा।
पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और प्रकाश राज जैसे कलाकारों से सजी 'जन नायकन' की स्क्रीनिंग कर्नाटक में रुकने से इसकी बॉक्स ऑफिस कमाई पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है।