विजय देवरकोंडा ने बताई खास बात, इन बड़ी हॉलीवुड फिल्मों से प्रेरित है 'रणबाली'
अभिनेता विजय देवरकोंडा अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'रणबाली' की तुलना हॉलीवुड की मशहूर फिल्मों से कर रहे हैं। फिल्म रिलीज होने के बाद विजयवाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि 'ब्रेवहार्ट', 'शिंडलर्स लिस्ट' और 'इनग्लोरियस बास्टर्ड्स' जैसी फिल्मों ने उन्हें ऐसी कहानियां बनाने के लिए प्रेरित किया। विजय के मुताबिक, 'रणबाली' भारतीय इतिहास और संस्कृति को बड़े व्यावसायिक अंदाज में पेश करती है। उन्होंने ये भी कहा कि यह फिल्म उनके करियर की अब तक की तीन बेहतरीन फिल्मों में से एक है।
'रणबाली' में ब्रिटिश शासन के खिलाफ विजय देवरकोंडा की जंग
'रणबाली' 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। 1800 के दशक पर आधारित इस फिल्म में अकाल के बाद ब्रिटिश शासन के खिलाफ एक व्यक्ति के संघर्ष की कहानी दिखाई गई है। राहुल सांस्कृत्यायन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को मैत्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज ने मिलकर बनाया है। फिल्म में अर्नोल्ड वोस्लू और ईश्वरी राव भी अहम भूमिकाओं में हैं। रश्मिका मंदाना के साथ विजय देवरकोंडा की ये तीसरी फिल्म है। दोनों ने इसी साल फरवरी में शादी की थी।